पंचायत की बेटी ने प्रदेश में लहराया परचम,मिस छत्तीसगढ़ प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान


बिलासपुर :- जिला के ग्राम पंचायत गनियारी की प्रतिभाशाली बेटी आराध्या गुप्ता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचल की बेटियां भी अपनी प्रतिभा,आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के बल पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर स्थित बेबीलोन में आयोजित प्रतिष्ठित मिस छत्तीसगढ़ सौंदर्य प्रतियोगिता में आराध्या गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बिलासपुर जिले और ग्राम गनियारी का नाम रोशन किया है।

इस भव्य और गरिमामय आयोजन का सफल संचालन एस.एस. फाउंडेशन रायपुर द्वारा किया गया,जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुंदरता के साथ-साथ आत्मविश्वास,व्यक्तित्व,मंच संचालन,संवाद कौशल और सामाजिक विषयों पर विचार प्रस्तुत करने की क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आराध्या गुप्ता का द्वितीय स्थान प्राप्त करना उनकी निरंतर मेहनत,अनुशासन और समर्पण का जीवंत प्रमाण है।

जानकारी के अनुसार,आराध्या गुप्ता ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए लंबे समय तक नियमित अभ्यास किया। उन्होंने फिटनेस, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट,रैंप वॉक,संवाद शैली और आत्म-प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया। उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा,जिसने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आराध्या गुप्ता,पिता रामेश्वर गुप्ता एवं माता श्रीमती प्रतिभा गुप्ता की पुत्री हैं। वे दिव्यांश गुप्ता और सिद्धि गुप्ता की बहन हैं तथा ग्राम गनियारी के प्रतिष्ठित व्यापारी रघुनंदन गुप्ता की नातिन हैं। परिवारजनों,रिश्तेदारों,ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाइयां दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

आराध्या की इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। ग्राम गनियारी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि आराध्या की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो,तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों ने भी आराध्या गुप्ता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा बनेगी। आराध्या की यह कामयाबी न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है,बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है,जो आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने का साहस और आत्मविश्वास प्रदान करेगी।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url