जिला कांग्रेस ने मनाया गणतंत्र पर्व,अध्यक्ष ने फहराया तिरंगा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :- देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा प्रस्तावित जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में भव्य एवं गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजमती भानु ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया,जिससे पूरा परिसर देशभक्ति,राष्ट्रप्रेम और संवैधानिक मूल्यों की भावना से गूंज उठा।
ध्वजारोहण उपरांत जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं,बल्कि देश की आत्मा है,जो प्रत्येक नागरिक को समानता,स्वतंत्रता,न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना प्रत्येक देशवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अपने संबोधन में गजमती भानु ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक देश को मजबूत लोकतंत्र देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज जब संवैधानिक मूल्यों पर चुनौतियाँ खड़ी की जा रही हैं, तब कांग्रेस पार्टी आम जनता के अधिकारों,सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी कमजोर वर्गों,किसानों, मजदूरों,युवाओं, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और संविधान में प्रदत्त अधिकारों को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर आम जनता को संविधान के प्रति जागरूक करें और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाएं।
कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन के जिला,ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी,वरिष्ठ कांग्रेसजन,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता,पार्षद,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर देश की एकता,अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात मिठाई वितरण कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। पूरे कार्यक्रम का आयोजन अनुशासित,सादगीपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देशहित,संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की शपथ ली।


