धर्मनगरी में लाफ्टर क्लब महासंघ का भव्य नववर्ष मिलन व पिकनिक उत्सव मनाया


बिलासपुर :- लाफ्टर क्लब महासंघ के तत्वावधान में नववर्ष मिलन एवं पिकनिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन जांजगीर जिला के धर्मनगरी शिवरीनारायण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग तीन सौ सदस्यों का विशाल जत्था शामिल हुआ,जिन्होंने धार्मिक,सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।

शिवरीनारायण प्रस्थान के दौरान सभी सदस्यों ने श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विश्वप्रसिद्ध प्रतिमा के दर्शन किए तथा गंगाजल से विधिवत जलाभिषेक किया वहीं,वापसी के समय मेहंदी स्थित श्री बालाजी हनुमान जी के मनोकामना मंदिर में संध्या आरती एवं पूजन में सहभागिता निभाई। पिकनिक स्थल शिवरीनारायण त्रिवेणी संगम तट के समीप मेला परिसर में महासंघ के महिला,पुरुष एवं बच्चों की टीम रंग-बिरंगे परिधानों,टोपी,रुमाल व चश्मों के साथ आकर्षक छटा बिखेरती नजर आई। “रंगी-चंगी” थीम पर आधारित यह आयोजन सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

लाफ्टर क्लब महासंघ की यह विशाल पिकनिक एवं न्यू ईयर सेलिब्रेशन 11 जनवरी 2026,रविवार को आयोजित किया गया, जिसमें महासंघ अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ‘राजू’ के नेतृत्व में कार्यक्रम संयोजक डी.पी.गुप्ता,महेंद्र साहू,दिनेश शुक्ला,प्रकाश जोशी एवं मदन मोहन सहित अन्य पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। महासंघ की ओर से शिवरीनारायण के दसों प्रमुख मंदिरों में प्रसाद भोग भी अर्पित किया गया। नववर्ष उत्सव के समापन अवसर पर एक घंटे का नॉन-स्टॉप डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें रेखा मदन मोहन गुल्ला द्वारा प्रस्तुत राऊत नाच ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर हरिहर ऑक्सीजन के संयोजक भुवन वर्मा द्वारा सभी तीर्थ यात्रियों को छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहारों एवं पर्वों को दर्शाने वाला विशेष मल्टीकलर पंचांग कैलेंडर 2026 वितरित किया गया। साथ ही गीत-संगीत व नृत्य की शानदार प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। लाफ्टर क्लब महासंघ के मीडिया सचिव भुवन वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की सफलता में नगर के विभिन्न गार्डनों से संचालित हास्य व योग क्लबों के अध्यक्ष,सचिव,महिला विंग सहित लगभग 16 क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url