नगरी पोस्ट ऑफिस भवन जर्जर, छत से झर रहा प्लास्टर—कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा ...

नगरी - नगर स्थित मुख्य डाकघर भवन की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। बीते कई वर्षों से कार्यालय के भीतर छत का प्लास्टर जगह-जगह से उखड़कर गिर रहा है, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। छत में गहरी दरारें साफ नजर आ रही हैं, वहीं कई स्थानों पर लोहे की सरिया भी बाहर दिखाई देने लगी है, जो भवन की कमजोर स्थिति को दर्शाती है।
डाकघर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक डाक सेवाएं, बचत योजनाएं, डाक जीवन बीमा, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, राशि जमा एवं निकासी जैसे आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर छत के नीचे कर्मचारियों एवं आम नागरिकों का लंबे समय तक खड़ा रहना खतरे से खाली नहीं है। कर्मचारियों के अनुसार कई बार प्लास्टर के टुकड़े नीचे गिर चुके हैं, जिससे कार्यालय में भय का माहौल बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भवन की हालत से वे स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं, लेकिन मजबूरी में उन्हें भीतर जाकर अपने जरूरी कार्य निपटाने पड़ते हैं। आश्चर्य की बात यह है कि विभागीय अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों ने प्रशासन एवं डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि कर्मचारियों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी दिन बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url