भारत माला परियोजना से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत को लेकर सरपंच ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
नगरी - नगरी विकासखंड की अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत करैहा से गट्यादिल्ली पहुँच मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्राम पंचायत करैहा के सरपंच राधेश्याम नेताम के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभाग नगरी को ज्ञापन सौंपा गया।
उल्लेखनीय है कि करैहा–आमदी–चिवरी मार्ग से होकर भारत माला परियोजना अंतर्गत सरगी से बासनवाही तक 6 लेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान भारी वाहनों के अत्यधिक आवागमन से करैहा से गट्यादिल्ली पहुँच मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग की कुल लंबाई लगभग 7 किलोमीटर है, जिसमें से करैहा से कुम्हड़ीकोट तक केवल लगभग 4 किलोमीटर हिस्से की ही मरम्मत की गई है, जबकि शेष लगभग 3 किलोमीटर मार्ग अब भी अत्यंत खराब स्थिति में है।
ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संबंधित निर्माण कंपनी को कई बार सड़क मरम्मत हेतु अवगत कराया गया, लेकिन कंपनी की ओर से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों एवं किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में शीघ्र शेष मार्ग की मरम्मत कर आवागमन सुचारु कराने की मांग की गई है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत करैहा के सरपंच राधेश्याम नेताम, उपसरपंच सखाराम गंजीर सहित वार्ड पंच तोरण मंडावी, शंकर नेताम, किशोर मंडावी, सहदेव राम साहू, पूर्णिमा नेताम, संतोषी ठाकुर, ममता यादव, किरण साहू, कौशिल्या देवी कश्यप, कोताबाई मरकाम, पूनाराम साहू, याकेश कोमरे, जूगरु राम नेताम, रती राम मंडावी, रोशन साहू, छन्नू राम साहू, धनीराम नेताम, सुनील कुमार नेताम, घनश्याम यादव, मनोज कुंजाम, राजेन्द्र नेताम, महादेव सलाम, आजू राम सेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
