नवागांव परिक्षेत्र में आदिवासी गोंडवाना समाज का भवन लोकार्पित बड़ी संख्या ग्रामीण जन दिखाई दिए,,,,,
नगरी - नवागांव परिक्षेत्र में आदिवासी गोंडवाना समाज के नवनिर्मित समाज भवन का विधिवत लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव सहित समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बताया गया कि गोंडवाना समाज लंबे समय से समाज भवन की आवश्यकता महसूस कर रहा था। वर्ष 2018 में पूर्व विधायक श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव की पहल पर समाज के सामूहिक प्रयास एवं सहयोग से भवन निर्माण की शुरुआत की गई थी। भवन निर्माण में समाज के लोगों का उल्लेखनीय योगदान रहा, जिसके फलस्वरूप आज यह भवन समाज को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि यह समाज भवन भविष्य में सामाजिक बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे समाज को संगठित होने तथा अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजने में नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि समाज का जीवन तब तक सशक्त नहीं हो सकता, जब तक आदिवासी वर्गों में बेरोजगारी एवं अशिक्षा जैसी समस्याएँ बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के अभाव एवं संसाधनों की कमी आज भी एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में आदिवासी समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
विधायक मरकाम ने आदिवासियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक चेतना का निर्माण समय की आवश्यकता है, जिससे समाज अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सके।
उन्होंने युवाओं से नशापान, अव्यवस्था एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रहकर शिक्षा एवं संस्कारों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों ने भी समाज की एकता बनाए रखने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवा पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता एवं समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ किया गया।
