धान खरीदी केंद्रों एवं मसानडबरा जनमन कॉलोनी का निरीक्षण व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा ...
नगरी - कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी गजेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को विकासखंड नगरी अंतर्गत विभिन्न धान खरीदी केंद्रों एवं मसानडबरा जनमन कॉलोनी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान धान खरीदी केंद्र नगरी, सांकरा, कुकरैल, डोंगरडुला, दुगली एवं केरेगांव में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, धान तौल प्रक्रिया, बारदाना की उपलब्धता, भुगतान व्यवस्था तथा अभिलेख संधारण की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात निरीक्षण दल द्वारा मसानडबरा स्थित जनमन कॉलोनी का भ्रमण कर आवासीय सुविधाओं, आधारभूत संरचना, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती प्रीति दुर्गम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी श्री रोहित बोरझा, उप संचालक कृषि (डीडीओ), एसडीओ आरईएस, एपीओ (आवास-नरेगा), डीपीएम, सहायक अभियंता जिला पंचायत एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी (एसएडीओ) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
