गणतंत्र दिवस पर समाजसेवी इरशाद (डंपी) खान ने नगर पंचायत को भेंट किया पानी टैंकर व पुस्तके..
नगरी - नगर पंचायत नगरी क्षेत्र में 26 जनवरी को भारत का 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर के मुख्य चौक-चौराहों, शासकीय विद्यालयों एवं शासकीय कार्यालयों में भारत माता एवं महापुरुषों के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान नागरिकों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बजरंग चौक एवं राजा बड़ा चौक नगरी में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में सहभागिता की। नगर के अलग-अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम स्थलों पर वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। रैली के दौरान छोटे-छोटे बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे नगर में देशभक्ति का जीवंत दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे।
इस अवसर पर नगर पंचायत नगरी परिसर में नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगरी निवासी समाजसेवी इरशाद (डंपी) खान ने अपने पूज्य पिता की स्मृति में नगर पंचायत को एक पानी टैंकर समर्पित किया। साथ ही नगर पंचायत पुस्तकालय को लगभग दो लाख रुपये मूल्य की पुस्तकें भेंट कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी इरशाद (डंपी) खान ने कहा कि नगर में विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों के दौरान नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पानी टैंकर नगर को समर्पित किया गया है, ताकि किसी को भी मूल आवश्यकता के लिए परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि नगर के कई होनहार विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण आवश्यक पुस्तकों की व्यवस्था नहीं कर पाते। ऐसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय को पुस्तकें प्रदान की गई हैं।
इस निस्वार्थ एवं प्रेरणादायक समाजसेवा के लिए नगर पंचायत नगरी द्वारा समाजसेवी इरशाद (डंपी) खान का सम्मान किया गया। उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनके इस अनुकरणीय कार्य का स्वागत किया।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पीएम श्री श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट इंग्लिश माध्यम विद्यालय नगरी में आयोजित किया गया, जहां नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह के मन में राष्ट्र के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, नगर अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर उपाध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जनपद उपाध्यक्ष विकास बोहरा, हृदय साहू, जनपद सभापति प्रेमलता नागवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन नाहटा, कमल डागा, चित्रांश नागवंशी,सभापति अल्का साव, पार्षद राजा पवार, शंकर देव, देवशरण,अश्वनी निषाद,
एसडीएम प्रीति दुर्गम, तहसीलदार चुम्मन धुव,जनपद सीईओ,रोहित बोझा, बीईओ कालीराम साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सोमेंद्र साहू,पीएएच ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
