नवा रायपुर में रायपुर साहित्य उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में,कलेक्टर व आयुक्त जनसंपर्क ने किया स्थल निरीक्षण


रायपुर :- नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में 23 से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय “रायपुर साहित्य उत्सव” को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह एवं आयुक्त जनसंपर्क डॉ.रवि मित्तल ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं आयुक्त ने साहित्य उत्सव के लिए लगाए जा रहे विभिन्न स्टॉल,पुस्तक प्रदर्शनी क्षेत्र,फूड कोर्ट,पेयजल व्यवस्था,शौचालय,पार्किंग,प्रवेश-निकास मार्ग,विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतज़ामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर आने वाले साहित्यकारों,कवियों,लेखकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में आयोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए नियमित सफाई,कचरा प्रबंधन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।

आयुक्त जनसंपर्क डॉ.रवि मित्तल ने कहा कि साहित्य उत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की साहित्यिक परंपरा,लोक संस्कृति और समकालीन लेखन को व्यापक मंच मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार,सूचना तंत्र,स्वागत व्यवस्था और आगंतुक मार्गदर्शन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए,ताकि बाहर से आने वाले साहित्यकारों और दर्शकों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शंशाक शर्मा ने आयोजन की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में साहित्यिक गोष्ठियां,कवि सम्मेलन, पुस्तक विमोचन,संवाद सत्र एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि उत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप,जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों के तहत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि रायपुर साहित्य उत्सव 2026 साहित्य, संस्कृति और विचारों के संगम के रूप में यादगार आयोजन सिद्ध होगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url