किसानों के हित में कांग्रेस सतर्क,धान खरीदी केंद्रों का जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष ने किया विस्तृत निरीक्षण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्पष्ट निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा जिले में संचालित धान खरीदी केंद्रों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती गजमती भानु ने पेंड्रा,सेमरा एवं जोगीसर स्थित धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिल रही सुविधाओं,धान खरीदी की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा भुगतान व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष श्रीमती गजमती भानु ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और उनसे तौल की प्रक्रिया, बारदाना की उपलब्धता,धान जमा करने में लगने वाले समय, ऑनलाइन एंट्री,भुगतान की स्थिति तथा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे,जिन्हें जिलाध्यक्ष ने गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर श्रीमती गजमती भानु ने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आर्थिक सुरक्षा देने और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है,इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही,भ्रष्टाचार या अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही धान खरीदी की जाए तथा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
कुछ खरीदी केंद्रों पर किसानों ने तौल में हो रही देरी,बैठने के लिए पर्याप्त छाया और पानी की व्यवस्था न होने की शिकायत की। इस पर जिलाध्यक्ष ने तत्काल नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया,पेयजल,शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी केंद्र पर किसानों के साथ अन्याय की शिकायत सामने आती है तो कांग्रेस कमेटी उसे गंभीरता से लेते हुए आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों की आवाज़ बनी है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को समय-सीमा तय कर सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर गुलाब राज,मुद्रिका सर्राती,बलबीर करसायल, अमोल पाठक,नारायण शर्मा,राकेश मसीह,हरीश रे,विनय चौबे, प्रफुल्ल प्रकाश,पंकज तिवारी,ओमप्रकाश बांका,मनीष दुबे,श्रीकांत मिश्रा,अफ़सर ख़ान,कैलाश बाबा,विक्रांत रोहणी,हेमनाथ सारती, सुलेंद्र यादव,जयपाल सिंह,लालता सिंह,निलेश साहू,पवन नागवंश, सविता राठौर,सुनीता टिमोथी,रियांश सोनी,अमित सोनी,जमील ख़ान,असलम ख़ान,डब्लू सोनी सहित कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


