आयुष्मान वय वंदना योजना से बुजुर्गों को मिला सम्मानजनक स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा


रायपुर :- शासन की महत्वाकांक्षी आयुष्मान वय वंदना योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक मजबूत संबल बनकर उभरी है। कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह के निर्देशानुसार महावीर जैन भवन,रायपुर में आयोजित विशेष शिविर में 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए,जिससे बड़ी संख्या में बुजुर्गों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुनिश्चित हुआ।

शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिला-पुरुषों की उपस्थिति रही। सुबह से ही वरिष्ठ नागरिक शिविर स्थल पर पहुंचने लगे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दस्तावेज सत्यापन,आधार प्रमाणीकरण एवं ऑन-द-स्पॉट पंजीयन कर त्वरित रूप से आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। कई बुजुर्गों ने पहली बार इस योजना के तहत अपना कार्ड बनवाया,जिससे उनके चेहरे पर संतोष और राहत साफ झलक रही थी।

वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से अब गंभीर बीमारियों के इलाज में होने वाले भारी खर्च से उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहले इलाज के खर्च की चिंता के कारण कई बार जरूरी जांच और उपचार टाल दिए जाते थे,लेकिन अब निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलने से समय पर उपचार संभव हो सकेगा। बुजुर्गों ने इसे शासन की एक संवेदनशील एवं जनहितैषी पहल बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर उनके लिए विशेष शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है,ताकि कोई भी पात्र बुजुर्ग योजना के लाभ से वंचित न रहे। शिविरों में बुजुर्गों को योजना की पात्रता,सूचीबद्ध अस्पतालों,कैशलेस इलाज प्रक्रिया एवं उपलब्ध स्वास्थ्य पैकेजों की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।

प्रशासन की मंशा है कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए गए हैं कि वे सोसाइटी,कॉलोनी,वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर संपर्क कर शिविरों की योजना बनाएं,ताकि बुजुर्गों को दूर तक न जाना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में सुविधा मिल सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की ओर से अपील की गई है कि इच्छुक सोसाइटी,कॉलोनी या आवासीय संघ अपने क्षेत्र में शिविर आयोजित कराने के लिए कार्यालय से संपर्क करें। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-4045849 पर संपर्क कर शिविर की तिथि,समय एवं प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url