भाजपा महिला मोर्चा को मिला नया नेतृत्व,गायत्री साहू को ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौंपी गई
बिलासपुर/कोटा :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भाजपा महिला मोर्चा,छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्षों एवं महामंत्रियों की बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी गई है। संगठनात्मक विस्तार,महिला सशक्तिकरण एवं जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी नेतृत्व ने गायत्री साहू को बिलासपुर ग्रामीण महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा के साथ ही भाजपा संगठन, महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने इस निर्णय को महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम बताया है।
नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष गायत्री साहू ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपा गया यह दायित्व पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा,ईमानदारी,समर्पण एवं सतत सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए महिला मोर्चा को जिले में नई ऊँचाइयों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
गायत्री साहू ने कहा कि आने वाले समय में महिला मोर्चा गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय होकर कार्य करेगा।केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं,विशेष रूप से महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को अंतिम पंक्ति की महिलाओं तक पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ते हुए उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला मोर्चा सामाजिक सरोकारों,महिला सुरक्षा,आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन के विषयों पर मजबूती से कार्य करेगा। संगठन के विस्तार के साथ-साथ प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं संवादात्मक बैठकों के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर महिला मोर्चा की वरिष्ठ पदाधिकारी,भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे,जिन्होंने नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।


