शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में 36 वर्षों की निष्कलंक सेवा के उपरांत चोवा राम सिरमौर को भावभीनी विदाई
बिलासपुर :- शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय बिलासपुर में प्रयोगशाला तकनीशियन के पद पर कार्यरत रहे चोवा राम सिरमौर ने संस्था को अपनी 36 वर्षों की दीर्घ,निष्ठावान,अनुकरणीय एवं समर्पित सेवाएं प्रदान कर सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में दिनांक 30 जनवरी 2026 को एक गरिमामयी,भावनात्मक एवं स्मरणीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें संस्था परिवार ने उनके उत्कृष्ट कार्य,अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी,कर्मचारी एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सिरमौर के व्यक्तित्व को सरल,कर्मठ,समयनिष्ठ तथा सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहने वाला बताया। वक्ताओं ने कहा कि सिरमौर ने प्रयोगशाला तकनीशियन के रूप में न केवल अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से किया,बल्कि विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को तकनीकी सहयोग प्रदान कर शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संस्था के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सिरमौर को पुष्पाहार पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति स्वरूप आकर्षक उपहार भेंट किया गया। इस दौरान उनके सेवा काल से जुड़ी अनेक स्मृतियों को साझा किया गया,जिससे समारोह का वातावरण भावुक एवं आत्मीय हो गया। साथ ही उनके कार्यकाल के स्वर्णिम पलों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को सराहा गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.एस.के.सिंघई ने सिरमौर को शाल,श्रीफल,श्रीमद्भगवद्गीता एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि सिरमौर द्वारा महाविद्यालय को दी गई सेवाएं सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्था की प्रगति में तकनीकी एवं सहायक स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है,और सिरमौर ने इस भूमिका को पूरी निष्ठा,ईमानदारी एवं समर्पण भाव से निभाया है।
प्राचार्य डॉ.सिंघई ने आगे कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय होता है,जिसमें व्यक्ति को अपने परिवार,स्वास्थ्य एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए अधिक समय देने का अवसर मिलता है। उन्होंने सिरमौर के उज्ज्वल भविष्य,उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुख-शांति से परिपूर्ण जीवन की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सिरमौर के व्यवहार,अनुशासन,कार्यकुशलता एवं सहयोगात्मक रवैये की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी ने कहा कि उनका स्नेहिल स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण आने वाले कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम के उपरांत संस्था परिवार की ओर से सुभाष उद्यान में स्नेह भोज का आयोजन किया गया,जिसमें सभी उपस्थित जनों ने सहभागिता करते हुए आपसी आत्मीयता और सौहार्द के वातावरण में कार्यक्रम का समापन किया। इस गरिमामयी अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण,विभागाध्यक्ष,अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी के परिजन एवं अन्य अतिथिगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह ने संस्था में कार्यरत कर्मचारियों के प्रति सम्मान,कृतज्ञता एवं मानवीय मूल्यों की सशक्त मिसाल प्रस्तुत की।



