युवा कांग्रेस बनेगी युवाओं और आम जनता की सशक्त आवाज : अंकित गौरहा
सक्ती :- सक्ती जिला युवा कांग्रेस द्वारा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने,युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी राजनीतिक व सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से एक व्यापक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही,बल्कि इसमें युवाओं की भूमिका,जिम्मेदारी और भविष्य की दिशा को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया।
बैठक में प्रभारी अंकित गौरहा,सहप्रभारी एवं जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर तथा सहप्रभारी मोहनीश साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को नई ऊर्जा,स्पष्ट दिशा और संघर्षशील सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले भर से युवा कांग्रेस के पदाधिकारी,विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी अंकित गौरहा ने कहा कि युवा कांग्रेस केवल एक राजनीतिक इकाई नहीं,बल्कि युवाओं और आम जनता की आवाज है। आज देश और प्रदेश का युवा रोजगार की कमी,शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों,बढ़ती महंगाई और सामाजिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है। ऐसे समय में युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वह इन मुद्दों को मजबूती से उठाए और जनहित में संघर्ष करे। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और जब तक हर गांव,हर वार्ड और हर बूथ पर युवा कांग्रेस सक्रिय रूप से काम नहीं करेगी,तब तक वास्तविक परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए और संगठनात्मक अनुशासन,एकता व निरंतर सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
सहप्रभारी एवं जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा कांग्रेस को अब जनआंदोलन के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल बैठकों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही, जिससे संगठन की जड़ें मजबूत हों और हर वर्ग की समस्याएं नेतृत्व तक पहुंच सकें।
सहप्रभारी मोहनीश साहू ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म संगठन की बड़ी ताकत बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा, नीतियों,योजनाओं और जनहितकारी मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक जनसंपर्क,अनुशासन,आपसी समन्वय और निरंतर सक्रियता से ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
बैठक में कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रताप चंद्रा,विधानसभा अध्यक्ष रोहित यादव,सूरज बंजारे सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव रखे और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे युवा कांग्रेस को हर स्तर पर मजबूत बनाएंगे,युवाओं और आम जनता की समस्याओं को पूरी मजबूती से उठाएंगे तथा आने वाले समय में होने वाले सभी कार्यक्रमों और आंदोलनों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएंगे। बैठक में उत्साह, एकजुटता और संघर्ष के संकल्प के साथ संगठन को नई दिशा देने का संदेश दिया

