वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, पुरानी बस्ती–मोदे मार्ग पुलिया जनप्रतिनिधियों के प्रयास रंग लाए, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

नगरी - नगर पंचायत नगरी एवं आसपास के ग्रामीण अंचल के किसानों की वर्षों पुरानी और महत्वपूर्ण मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। पुरानी बस्ती से मोदे मार्ग पर महानदी पर पुलिया निर्माण के लिए 3 करोड़ 31 लाख 46 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने से नगरी, मोदे, खम्हरिया, बिरनपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
ज्ञात हो कि यह पुलिया लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई थी, जिससे किसानों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुलिया के अभाव में कृषि कार्य प्रभावित होते थे और हर वर्ष किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब पुलिया निर्माण की स्वीकृति मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान यह क्षेत्र की सबसे प्रमुख मांग थी, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं सभी पार्षदों के साथ मिलकर निरंतर प्रयास किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, धमतरी महापौर रामु रोहरा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस तथा पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह और श्रवण मरकाम के मार्गदर्शन व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में किए गए वादों को कार्यकाल के प्रथम वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और उनकी टीम इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
पुलिया निर्माण की स्वीकृति से पुरानी बस्ती, बिरनपुर और मोदे क्षेत्र के कृषकों ने खुशी जाहिर करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि कार्यों में भी तेजी आएगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत के पार्षदगण एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिनमें राजा पवार, देवचरण ध्रुव, नरेश पटेल,अलका साव,  अश्वनी, शंकरदेव, हरीश साहू डागेश्वरी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल थे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url