मोंगरागहन हाईस्कूल में शैक्षिक उत्प्रेरणा कार्यशाला एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न
नगरी - शासकीय हाईस्कूल मोंगरागहन में शैक्षिक उत्प्रेरणा कार्यशाला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि श्री सर्वा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि कक्षा 10वीं की परीक्षाएं निकट हैं और विद्यार्थियों को बिना किसी भय के आत्मविश्वास के साथ तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन निरंतर सीखने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण समय होता है। प्रत्येक छात्र-छात्रा को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करनी चाहिए, क्योंकि उच्चतर विद्यालय का दौर जीवन की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग कर उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य आर. ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल गंगरेल के महामंत्री, कोड़ेगांव के सरपंच बी. जितेंद्र सिन्हा, विद्यालय के एसएमडीसी अध्यक्ष भुनेश्वर साहू, उपसरपंच द्रुपत निषाद, प्रधान पाठक कोड़ेबोड़ बी. हनुमंत लाल सिन्हा, झाड़ूराम कोर्राम एवं हीरु साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह और सहभागिता विशेष रूप से देखने योग्य रही।
