जंगल क्षेत्र में कथित अवैध वसूली का आरोप: कामर परिवार ने वन विभाग उच्च अधिकारी को सौंपा ज्ञापन,

नगरी - वन क्षेत्र में निवास करने वाले कामर परिवार के लोगों ने शुक्रवार 13 फरवरी 2026 को वन मंडल कार्यालय धमतरी में ज्ञापन सौंपकर एक फॉरेस्ट गार्ड पर कथित रूप से डराकर-धमकाकर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बगुड़ापारा बाजार कुर्री डिहा के जंगल क्षेत्र में रहने वाले कामर समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि जंगल से सूखी लकड़ी लाने तथा पारंपरिक आजीविका से जुड़े कार्यों के दौरान उन्हें कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी देकर कथित रूप से रकम वसूली की गई। ज्ञापन में कुछ लोगों ने अपने-अपने स्तर पर अलग-अलग राशि लिए जाने का भी दावा किया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।
ज्ञापन देने वालों का कहना है कि वे जंगल पर निर्भर होकर अपनी आजीविका चलाते हैं और शासन द्वारा पारंपरिक गतिविधियों के संबंध में दी गई छूट के बावजूद उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
इस संबंध में केरेगांव रेंज के रेंजर ओंकार सिन्हा ने बताया कि कामर परिवार द्वारा जिला कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के बयान लेकर तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। यदि आरोप निराधार पाए जाते हैं तो नियम अनुसार संबंधित पक्षों पर कार्रवाई की जा सकती है, वहीं आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url