भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, धमतरी द्वारा चिंतन दिवस पर बौद्धिक परिचर्चा एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभाधमतरी

नगरी - भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, धमतरी द्वारा 22 फरवरी को स्काउट-गाइड आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बेडेन पावेल एवं लेडी बेडेन पावेल के जन्मदिवस को चिंतन दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बौद्धिक परिचर्चा एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला संघ धमतरी के अध्यक्ष गणेश प्रसाद साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृष्णा राम साहू एवं गजानंद साहू (उपाध्यक्ष, जिला संघ धमतरी) तथा डॉ. मंजूषा साहू (उपाध्यक्ष, स्थानीय संघ) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय संघ के अध्यक्ष नेतूराम यादव ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएं प्रस्तुत की गईं। स्काउट्स एवं गाइड्स ने विश्व शांति, सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण की कामना करते हुए एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
बौद्धिक परिचर्चा सत्र में वक्ताओं ने चिंतन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्काउटिंग की मूल भावना— “मुस्कुराइए”, “कोशिश कीजिए”, “तैयार रहें” एवं “सेवा” —को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। नेतूराम यादव ने कहा कि स्काउट एवं गाइड आंदोलन युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता एवं समाज सेवा की भावना विकसित करता है। डॉ. मंजूषा साहू ने चिंतन दिवस की सार्थकता बताते हुए मानवता की सेवा को जीवन का ध्येय बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि गणेश प्रसाद साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को स्काउटिंग से जोड़ना चाहिए, ताकि सुसंस्कृत एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकें और ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर पर स्काउटिंग को अग्रिम पंक्ति में स्थापित किया जा सके।
कार्यक्रम में जिला एवं स्थानीय संघ के पदाधिकारियों के साथ स्काउटर हेमंत कुमार साहू, आकाश गिरी गोस्वामी, भूपेंद्र कुमार सोनी, दुष्यंत कुमार सिन्हा, डॉ. के.के. तिवारी एवं गाइडर योगिता कंवर का विशेष सहयोग रहा। नत्थू जी जगताप हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस हटकेश्वर एवं मॉडल स्कूल धमतरी के स्काउट-गाइड बच्चों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने अनुशासन, सहयोग एवं एकता का उत्कृष्ट परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संघ धमतरी के सचिव सोहनलाल साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन हेमंत कुमार साहू द्वारा किया गया।
अंत में यह संदेश दिया गया कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक प्रेरणादायी शैली है, जो युवाओं को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url