बीएनआई व्यापार मेला बना सामाजिक समरसता,रोजगार और नवाचार का सशक्त मंच : चरणदास महंत
रोजगार मेला और शार्क टैंक ने युवाओं व उद्यमियों में भरा उत्साह,आज रंगारंग कार्यक्रमों के साथ होगा समापन
बिलासपुर :- बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले के पांचवें दिन व्यापार,समाजसेवा,रोजगार और नवाचार का अद्भुत संगम देखने को मिला। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों,युवाओं के लिए आयोजित रोजगार मेले और स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने वाले शार्क टैंक ने मेले को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। बड़ी संख्या में युवाओं,उद्यमियों,व्यापारियों और आम नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है,बल्कि यह समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच पर जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में कार्य कर रहे व्यापार,उद्योग,युवा,सामाजिक संगठन और प्रशासन का एक मंच पर आना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। महंत ने कहा कि दृष्टिबाधित बच्चों को मंच देना,युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और नवाचार को बढ़ावा देना इस आयोजन को विशिष्ट बनाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता को बढ़ाते हैं। बीएनआई की यह पहल प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
समाज,व्यापार और नवाचार का सशक्त संगम नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि आज के समय में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है,जो केवल आर्थिक लाभ तक सीमित न हों,बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि बीएनआई ने जिस संवेदनशीलता के साथ समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है,वह प्रशंसनीय है।उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को अवसर देना और शार्क टैंक जैसे मंच के जरिए नए उद्यमियों को आगे बढ़ने का मौका देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया,पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, पामगढ़ विधायक डॉ.शेषराज हरवंश,आईएमए अध्यक्ष डॉ.प्रमोद जायसवाल,क्रेडाई अध्यक्ष सुशील पटेरिया,विजय केशरवानी, सिद्धांशु मिश्रा,मनीष सखूजा,राजेन्द्र सिंह,अजय श्रीवास्तव,डॉ. कमलेश मौर्य,मेले के संयोजक गणेश अग्रवाल एवं बीएनआई अध्यक्ष किरणपाल सिंह चावला सहित अनेक विशिष्ट अतिथि और शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
रोजगार मेला : युवाओं के सपनों को मिली दिशा बीएनआई व्यापार मेले के अंतर्गत आयोजित रोजगार मेला युवाओं के लिए आशा और अवसर का केंद्र बना। नाइसटेक कम्प्यूटर के डायरेक्टर रविंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में आयोजित यह रोजगार मेला सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला। रोजगार मेले में 380 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं का 60 से अधिक नियोक्ताओं से सीधा संवाद हुआ,जिनमें से 38 कंपनियों ने मौके पर ही इंटरव्यू लिए। इस दौरान 460 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। मेले में टैली एजुकेशन की दिव्या गणेशा, एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के विकास पांडेय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार,कई युवाओं को चयन की अगली प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है,जिससे रोजगार की वास्तविक संभावनाएं बनी हैं।
शार्क टैंक : स्टार्टअप संस्कृति को मिला नया आयाम मेले में आयोजित शार्क टैंक कार्यक्रम ने नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूती प्रदान की। इस मंच पर युवाओं ने अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए और निवेशकों से सीधे संवाद किया। निवेशक के रूप में अनिल मुंदड़ा,सनफ्लावर के डायरेक्टर अमित अग्रवाल, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष डॉ.नवदीप सिंह अरोरा एवं स्वस्तिक इंफ्रा के विशाल शेरवानी उपस्थित रहे।प्रतियोगिता में कॉमिक्स ग्रुप के टिनू निभानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुकन्या भारत कुमार,हर्ष अग्रवाल और पार्थ कुमार द्वितीय स्थान पर रहे,जबकि अर्पित शुक्ला तृतीय स्थान पर रहे। सर्वज्ञता फाउंडेशन के कपिल सचदेव को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रशासन ने की खुले दिल से सराहना मेले में मौजूद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले में उमड़ी भारी भीड़ और विविध गतिविधियां इसकी लोकप्रियता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उन्हें भारत प्रसिद्ध ग्वालियर मेले की याद दिलाता है। उन्होंने आयोजन समिति को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह ने कहा कि बीएनआई मेला केवल व्यापार तक सीमित नहीं,बल्कि सामाजिक जागरूकता का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि मेले के अंतिम दिन ट्रैफिक नियमों के पालन और नशा मुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आज समापन,सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले के अंतिम दिन इस्कॉन द्वारा संकीर्तन,आर्ट ऑफ लिविंग की भजन संध्या,रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,स्वाभिमान सम्मान और लाइफटाइम सेवा पुरस्कार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।


