कमिश्नरी क्षेत्र में शांति व यातायात व्यवस्था के लिए बिना अनुमति डीजे–टेंट संचालन पर सख्ती


रायपुर :- रायपुर पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र अंतर्गत शांति व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने बिना अनुमति डीजे,साउंड सिस्टम एवं टेंट संचालन पर सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

रायपुर पुलिस उपायुक्त (DCP) पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में पश्चिम ज़ोन के अंतर्गत आने वाले सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों (ACP) द्वारा डीजे,साउंड सिस्टम और टेंट संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आयोजनों के दौरान होने वाली अव्यवस्थाओं,ध्वनि प्रदूषण और यातायात बाधाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में बिना अनुमति आयोजित रैलियों,जुलूसों और सामाजिक कार्यक्रमों के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण,सड़क जाम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होती हैं,जिन्हें रोकना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश इस प्रकार हैं

किसी भी प्रकार की रैली,जुलूस,धार्मिक,सामाजिक या निजी कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व संबंधित थाना/पुलिस कार्यालय से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

आयोजक के पास वैध अनुमति पत्र (Permission Letter) उपलब्ध न होने की स्थिति में किसी भी डीजे,टेंट,लाइट या साउंड सिस्टम को देना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

निर्धारित समय सीमा एवं ध्वनि स्तर (Sound Limit) का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे,टेंट संचालक एवं कार्यक्रम आयोजक के विरुद्ध भारतीय कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात प्रभावित करने वाले स्थानों पर टेंट अथवा मंच लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को यह भी बताया कि यदि किसी कार्यक्रम के दौरान नियमों का उल्लंघन होता है,तो भविष्य में उन्हें अनुमति देने पर भी विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही आयोजनों के दौरान पुलिस से समन्वय बनाए रखने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन कर ही आयोजन करें,जिससे शहर में शांति,सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनी रहे। यह पहल रायपुर शहर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url