सुशासन की राह पर छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर परिवार को मिल रहा पक्का घर


बालोद :- राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बालोद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का कार्य तेज़ गति से प्रगति पर है। शासन की मंशा के अनुरूप जिले के अधिकारी लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं,जिससे आवास निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो रहा है।

जिले के गुण्डरदेही विकासखंड में इस योजना के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लेने जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती निकहत सुल्ताना ने ग्राम बेलौदी एवं मटिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों के निर्माणाधीन आवासों को देखा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री तथा कार्य की गति की विस्तार से समीक्षा की।

सीईओ श्रीमती सुल्ताना ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दी और समय पर आवास निर्माण पूर्ण कराने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित पंचायत एवं तकनीकी अमले को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी आवास निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उद्देश्य केवल चार दीवारें खड़ी करना नहीं है,बल्कि ग्रामीण गरीब परिवारों को सुरक्षित,सम्मानजनक और स्थायी आवास उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों को निर्माण से संबंधित आवश्यक तकनीकी सुझाव भी दिए तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और उन्हें सुरक्षित भविष्य की नई उम्मीद मिल रही है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url