विधायक दल की विस्तृत रणनीति बैठक : जनहित के मुद्दों पर मुखर रहने का संकल्प


रायपुर :- रायपुर स्थित राजीव भवन में आज नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण और विस्तृत बैठक संपन्न हुई।बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों,सरकार की कार्यप्रणाली,जनसमस्याओं तथा आगामी बजट सत्र की रणनीति पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल,मुख्य सचेतक दलेश्वर साहू,उप सचेतक दिलीप लहरिया तथा प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु सहित सभी सम्मानित विधायकगण मौजूद रहे। वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त फीडबैक और जनभावनाओं को साझा किया।

बैठक के दौरान प्रदेश में किसानों की समस्याएं,समर्थन मूल्य,धान खरीदी,बेरोजगारी,महंगाई,महिलाओं की सुरक्षा,युवाओं के लिए रोजगार के अवसर,शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि विपक्ष का दायित्व केवल सवाल उठाना नहीं,बल्कि जनहित के मुद्दों को तथ्यों और ठोस तर्कों के साथ सदन में प्रस्तुत करना भी है।

आगामी बजट सत्र को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश के किसानों,मजदूरों,कर्मचारियों, महिलाओं,युवाओं,अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। सरकार की नीतियों और घोषणाओं की जमीनी हकीकत को सदन में उजागर करने तथा आवश्यक संशोधनों की मांग करने की भी योजना बनाई गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में संगठनात्मक एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और उनके अधिकारों की रक्षा करना ही कांग्रेस की परंपरा रही है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनसमस्याओं को विधानसभा में उठाएगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल प्रदेश की जनता की आवाज बनकर सदन में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आम नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकमत होकर प्रदेश के समग्र विकास,सामाजिक न्याय,संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और जनकल्याण के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाना और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ा रहना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url