केंद्र से छत्तीसगढ़ को नई सौगात : डॉ.सुषमा सिंह बनीं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की कोर सदस्य


छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव और सम्मान का क्षण है कि बिलासपुर निवासी एवं भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय नेत्री डॉ.सुषमा सिंह को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं पर्यटन मंत्रालय की राष्ट्रीय हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ डॉ.सिंह को समिति की कोर टीम में स्थान मिला है,जो हिंदी भाषा के संवर्धन एवं मंत्रालय की गतिविधियों में उसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कार्य करेगी।

यह समिति देशभर से चयनित 15 सदस्यों की एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय सलाहकार कोर समिति है,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं विद्वान शामिल हैं। समिति के प्रमुख सदस्यों में डॉ. सुमित्त पात्रा,उज्ज्वल रमण सिंह,इंदिरा हांग सुब्बा,माला राज्य लक्ष्मी शाह,मयंक भाई जयदेव भाई नायक तथा जियाउल रहमान जैसे जनप्रतिनिधियों के साथ डॉ.सुषमा सिंह को भी स्थान दिया गया है।

समिति के सदस्य भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय से संबंधित योजनाओं,कार्यक्रमों एवं नीतियों की समीक्षा करेंगे तथा विभिन्न राज्यों से जुड़े विषयों पर समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे। हिंदी के अधिकतम उपयोग,राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पर्यटन से जुड़े प्रचार-प्रसार में भाषा की सशक्त भूमिका सुनिश्चित करने में यह समिति सेतु का कार्य करेगी।

डॉ.सुषमा सिंह पिछले आठ वर्षों से छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के साथ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। सामाजिक सेवा,महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक गतिविधियों में उनके निरंतर योगदान और समर्पण को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई है।उनकी नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों का सम्मान है,बल्कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं के बढ़ते नेतृत्व और भागीदारी का भी प्रतीक है। 

छत्तीसगढ़ की ओर से डॉ.सुषमा सिंह को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की जाती हैं। उनके माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान एवं पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा मिलने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments