भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस : बजट 2026-27 को बताया जनकल्याण और विकास का मार्गदर्शक दस्तावेज
महासमुंद :- भारतीय जनता पार्टी,जिला महासमुंद द्वारा छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 के संबंध में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को जनहित और समग्र विकास के लिए समर्पित बताते हुए उसके प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी साझा की पत्रकार बंधुओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में ठोस और दूरदर्शी कदम है।
इसमें आधारभूत संरचना के विस्तार,ग्रामीण एवं शहरी विकास, सड़क एवं पुल निर्माण,सिंचाई परियोजनाओं तथा अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं,जिससे प्रदेश की विकास गति को और अधिक मजबूती मिलेगी प्रेसवार्ता में शिक्षा के क्षेत्र में नवीन विद्यालयों की स्थापना,उच्च शिक्षा के विस्तार और तकनीकी संस्थानों के सुदृढ़ीकरण; स्वास्थ्य सेवाओं में नए अस्पतालों एवं उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था; कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं,सिंचाई सुविधाओं का विस्तार एवं कृषि यंत्रीकरण; उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निवेश अनुकूल वातावरण; युवाओं के लिए रोजगार सृजन के अवसर; महिला सशक्तिकरण हेतु विशेष योजनाएं तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन और कल्याणकारी कार्यक्रमों जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।
नेताओं ने कहा कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग किसान,युवा, महिला,व्यापारी और श्रमिक को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष महासमुंद येतराम साहू,पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर,जिलाध्यक्ष बलौदाबाजार-भाटापारा आनंद यादव,पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।


