प्रेस क्लब के “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में उमड़ा उत्साह,मुख्यमंत्री ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश


होली प्रेम,सौहार्द और संवाद का महापर्व : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर प्रेस क्लब के द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं,बल्कि आपसी विश्वास,भाईचारे और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का महापर्व है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह पर्व हमें मन की कटुता,छोटे-छोटे मतभेद और गिले-शिकवे भुलाकर नए सिरे से संबंधों को प्रगाढ़ करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद और सौहार्द की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

प्रेस क्लब की गौरवशाली परंपरा की सराहना मुख्यमंत्री साय ने रायपुर प्रेस क्लब की वर्षों पुरानी परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल पत्रकारिता का केंद्र नहीं,बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण मंच है। होली मिलन जैसे आयोजन मीडिया समुदाय के बीच आत्मीयता बढ़ाने के साथ-साथ शासन और समाज के बीच विश्वास के सेतु को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। ऐसे अवसर पारस्परिक संवाद और सकारात्मक विचार-विमर्श के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कामना की कि यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे और समाज में सद्भाव का संदेश फैलाती रहे।

अनोखे अंदाज में हुआ स्वागत,‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन 

समारोह के दौरान रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री का मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर अभिनव अंदाज में स्वागत किया। इस आत्मीय स्वागत से कार्यक्रम में उल्लास का वातावरण और अधिक प्रगाढ़ हो गया।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि रचनात्मक और स्वस्थ व्यंग्य समाज को आईना दिखाने का कार्य करता है तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहायक होता है।

नगाड़े की थाप पर झूम उठा परिसर कार्यक्रम का सबसे उत्साहपूर्ण क्षण वह रहा जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं नगाड़ा बजाकर समारोह की उमंग को नई ऊँचाई दी। नगाड़े की गूंज के साथ ही उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और फाग गीतों की मधुर धुनों पर मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ रंगों के इस उत्सव में सहभागी बने। पूरा परिसर रंग-बिरंगे गुलाल,संगीत और हंसी-ठिठोली से सराबोर रहा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। होली के पारंपरिक गीतों के साथ-साथ सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।

सामाजिक समरसता का संदेश मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विविधता ही उसकी शक्ति है और होली जैसे पर्व इस विविधता को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। उन्होंने अपील की कि सभी लोग सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का उत्सव मनाएं तथा समाज में सकारात्मकता और भाईचारे को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत समृद्ध और जीवंत है। पर्व-त्योहारों के माध्यम से यहां की लोक परंपराएं और सामाजिक मूल्य पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ते हैं। सरकार भी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

गणमान्य जनों की उपस्थिति इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा,सलाहकार आर.कृष्णा दास, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय,विधायक सुनील सोनी,मोतीलाल साहू,रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण,जनप्रतिनिधि,अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने यह संदेश दिया कि रंगों का यह पर्व केवल उत्सव नहीं,बल्कि समाज में विश्वास,संवाद और आत्मीयता का सशक्त माध्यम है। होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” ने पत्रकार समुदाय और जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को नई मजबूती प्रदान की तथा प्रदेश में सामाजिक समरसता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url