जिनियस पब्लिक स्कूल नगरी में पत्रकारों संग रंगों की उमंग,भव्य होली मिलन समारोह,साथ स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गुलाल लगाकर होली खेली
नगरी - जिनियस पब्लिक स्कूल में होली पर्व दिन शनिवार को विद्यालय परिसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक रंगों का त्योहार मनाया। छोटे-छोटे बच्चों ने एक-दूसरे के गालों पर गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया तथा गले मिलकर होली की बधाई दी।
विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट और रंगों की खुशबू से सराबोर हो उठा। मासूम चेहरों पर सजे रंग और मुस्कान ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है। नन्हे विद्यार्थियों का यह रंगोत्सव सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा और विद्यालय में उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।
नगरी - नगरी नगर के जिनियस पब्लिक स्कूल में होली के पावन अवसर पर पत्रकारों के सम्मान में भव्य होली मिलन समारोह का दिन रविवार आयोजन किया गया। वही कार्यक्रम में नगरी क्षेत्र के पत्रकार बंधुओं एवं न्यूज़ रिपोर्टरों को सादर आमंत्रित किया गया था।
समारोह की शुरुआत नगाड़ों की गूंजती थाप और मन मोहक फाग गीत गाते शिक्षक एवं पत्रकार दिखाई हुई, जिसने पूरे विद्यालय परिसर को उत्साह और उमंग से भर दिया। रंगों के इस उल्लासपूर्ण आयोजन में जिनियस परिवार के मुखिया मोहन सोनी, संतोष अगलावे, प्राचार्य एवं समस्त स्कूल स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं
संगीत की मधुर धुनों पर नृत्य करते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा उपस्थित पत्रकारों को उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई एवं होली की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। पत्रकारों ने आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संवाद एवं सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मोहन सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन का बच्चों पर अत्यधिक प्रभाव पड़ रहा है। आने वाले समय में जिनियस पब्लिक स्कूल द्वारा पालकों और विद्यार्थियों को जोड़ते हुए सकारात्मक शैक्षणिक एवं नैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने पत्रकारों के माध्यम से समाज में यह संदेश भी दिया कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर रचनात्मक एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करना समय की आवश्यकता है।
रंग, उमंग और सम्मान से परिपूर्ण यह होली मिलन समारोह अत्यंत गरिमामय, सफल एवं यादगार रहा।
