शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक शाला पंडरीपानी माल के विद्यार्थियों ने किया राजधानी रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण

नगरी - शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक शाला पंडरीपानी माल के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यापक दृष्टिकोण के उद्देश्य से शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के तत्वावधान में शिक्षकों के साथ राजधानी रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं सर्वप्रथम नया रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन पहुंचे, जहां स्वल्पाहार के उपरांत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य एवं विविध गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को निकट से समझा और उससे जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
इसके पश्चात बच्चों को नवनिर्मित आदिवासी संग्रहालय का भ्रमण कराया गया, जो छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति की बेमिसाल धरोहर है। यहां प्रदर्शित कक्षागत विषय-वस्तुओं को बच्चों ने जीवंत रूप में देखा, जो उनके लिए अत्यंत रोमांचक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। शिक्षकों के साथ चर्चा करते हुए विद्यार्थियों ने अपने गांव-घर की संस्कृति से जुड़ी बातों को भी साझा किया।
भोजन उपरांत भ्रमण दल ऊर्जा पार्क पहुंचा, जहां बच्चों ने झूले, फिसलपट्टी, फव्वारे एवं अन्य खेल साधनों का आनंद लिया। पालकों एवं शिक्षकों के साथ बच्चों ने हंसी-मजाक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से यादगार पल बिताए।

भ्रमण की अंतिम कड़ी में विद्यार्थियों ने शदाणी दरबार में दर्शन कर सर्वधर्म समभाव का संदेश आत्मसात किया। वहां संतों के उपदेशों एवं सेवा कार्यों की जानकारी प्राप्त कर बच्चों ने शांति एवं आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास को गति देना तथा सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाते हुए शिक्षा को समाजोपयोगी दिशा प्रदान करना रहा। आयोजन में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति तथा पालकों का सक्रिय सहयोग रहा। भ्रमण को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url