बिलासपुर। न्यायधानी के कोनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक कलयुगी भाई ने अपनी ही बहन से पैसे मांगे और मना करने पर उस पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता कु. मिनेश्वरी मनहर ने कोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 24 मार्च 2026 की रात अपने देव नगर स्थित घर में अकेली सो रही थी। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उसका भाई मानेश्वर मनहर (33 वर्ष) अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुँचा और गाली-गलौज करने लगा।
आरोपी ने अपनी बहन के बाल खींचकर उसे कमरे से बाहर निकाला और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब बहन ने पैसे देने से इनकार किया, तो आवेश में आकर मानेश्वर ने पास रखे हथौड़े से उसके सिर, हाथ और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले की गंभीरता के कारण पीड़िता मौके पर ही बेहोश हो गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पटेल के निर्देश पर कोनी पुलिस ने तत्काल टीम गठित की।
अपराध क्रमांक: 116/2026
धाराएं: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी मानेश्वर मनहर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
0 Comments