बसना के कुदारीबाहरा में 10 अप्रैल से गूंजेगा हरिनाम,भव्य ‘सोलह प्रहरी हरिनाम यज्ञ’ को लेकर तैयारियां पूर्ण


ब्यूरो रिपोर्ट/सूरज साव 
महासमुंद/बसना । जिले के ग्राम कुदारीबाहरा में 10 अप्रैल से भक्ति,श्रद्धा और आध्यात्म का विराट संगम देखने को मिलेगा। ग्राम के वैष्णव देवी मंदिर एवं शिव मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सोलह प्रहरी हरिनाम यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन धार्मिक अनुष्ठान परम पूज्य गुरुजी संदन तिवारी जी महाराज (कोमना वाले) के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ

 आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ बैसाख कृष्ण पक्ष अष्टमी, शुक्रवार 10 अप्रैल 2026 को प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर ग्राम भ्रमण करेंगी। श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल होंगे। 

पूरा गांव भक्तिमय ध्वनियों से गुंजायमान रहेगा।कलश यात्रा के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की विधिवत स्थापना की जाएगी और अखंड हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ होगा सोलह प्रहर तक चलने वाला यह हरिनाम जाप दो दिनों तक निरंतर जारी रहेगा।

12 अप्रैल को पूर्णाहुति और महाप्रसाद

 दो दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन रविवार 12 अप्रैल 2026 को हवन,पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर परिवार की सुख-समृद्धि,शांति और कल्याण की कामना करेंगे आयोजन समिति ने पूर्णाहुति के दिन अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

क्षेत्र की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियां देंगी प्रस्तुति

यज्ञ के दौरान क्षेत्र की ख्यातिप्राप्त कीर्तन एवं संकीर्तन मंडलियां अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। प्रमुख रूप से शामिल मंडलियों में—
जय राधा माधव कीर्तन मंडली (भैसादरहा)
राधा माधव महिला कीर्तन मंडली (पाड़ेपाली)
राधा माधव कीर्तन मंडली (कांटापारा)
मां छतगौन महिला संकीर्तन मंडली (कपिलासपुर)
डिस्को रंगीन कीर्तन मंडली (सिरको)
जय जगन्नाथ संकीर्तन मंडली (लोहरसिंग)

इन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजन, हरिनाम संकीर्तन,कृष्ण लीला गीत और भक्तिमय संगीत से श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे। रात्रि में भी कीर्तन की अविरल धारा प्रवाहित होगी,जिससे पूरा ग्राम भक्ति में सराबोर रहेगा।

ग्रामवासियों में दिख रहा उत्साह

 ग्राम कुदारीबाहरा के समस्त ग्रामवासी आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से जुटे हुए हैं मंदिर परिसर की साफ-सफाई,सजावट, प्रकाश व्यवस्था,पंडाल निर्माण एवं श्रद्धालुओं के बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए पेयजल,वाहन पार्किंग एवं विश्राम की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

प्रतिदिन रहेगा विशाल भंडारा

आयोजन समिति ने बताया कि यज्ञ के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे(महाप्रसाद) की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में भक्तगण प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे। ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं की टीम भंडारे की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

सामाजिक समरसता का संदेश

सोलह प्रहरी हरिनाम यज्ञ केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं,बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। इस प्रकार के आयोजन से गांव में आपसी भाईचारा, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। समिति का मानना है कि हरिनाम संकीर्तन से वातावरण शुद्ध होता है और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना होती है। 

आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं,धर्मप्रेमियों और नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। ग्राम कुदारीबाहरा में 10 अप्रैल से शुरू होने वाला यह आध्यात्मिक महोत्सव निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और स्मरणीय साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments