नक्सल मुक्त भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, स्मारक पर जलाए दीप

 
नगरी- भारत को नक्सलवाद से मुक्ति मिलने की ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बेलर मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बलिदानी स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर देश के अमर सपूतों को नमन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मौर्यध्वज सेन एवं मंडल अध्यक्ष लिलेश प्रजापति के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति देश के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो चुकी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा अगस्त 2024 में लिए गए संकल्प को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में साकार किया गया है। इसके परिणामस्वरूप बस्तर जैसे क्षेत्र, जो कभी नक्सली हिंसा और भय के लिए कुख्यात थे, आज विकास की नई इबारत लिख रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अब बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसमें नक्सल उन्मूलन एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह उपलब्धि शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान और सुरक्षा बलों के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। यह दिन हमें राष्ट्रभक्ति, समर्पण और सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी युवाओं ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अकबर कश्यप, मंडल अध्यक्ष हुमिंत लिमजा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरसिंह पटेल, पूर्व महामंत्री राकेश चौबे, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष वैद गंजीर, मंडल कोषाध्यक्ष उमेश साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अमर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।

Post a Comment

0 Comments