गौ सम्मान आवाहन अभियान: संत श्री राम बालक दास जी के प्रवास पर नगरी–सिहावा में बैठक, युवाओं ने लिया संरक्षण का संकल्प

नगरी–नगरी सिहावा गौ सम्मान आवाहन अभियान के अंतर्गत संत श्री राम बालक दास जी के नगरी–सिहावा प्रवास के दौरान दोपहर 1:00 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में क्षेत्र के युवाओं एवं ग्राम रक्षकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जहां गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संत श्री राम बालक दास जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गोवंश के संरक्षण, उनकी देखभाल एवं वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान क्षेत्र के “गांव रक्षकों” को अपने-अपने गांव की स्थिति, समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे जमीनी स्तर पर ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके।

बैठक में डेविड, भारत, ओम, रेखराज, विकास पूनू, देवरथ, बंटी, हितू, नमन, हिमांशु कोसरे, हरिओम एवं निखिल सहित नगरी अंचल के अनेक युवा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी युवाओं ने एकजुट होकर गोवंश की रक्षा, संवर्धन एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने गौ सम्मान आवाहन अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने तथा गांव-गांव में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

Post a Comment

0 Comments