दुगली की चार छात्राएँ नेशनल स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए दिल्ली रवाना होंगी

नगरी - शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आदिवासी कन्या शिक्षा परिसर दुगली की छात्राओं ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय की चार प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन 69वें स्कूल नेशनल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया 2025-26 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ये छात्राएँ आगामी 14 अप्रैल 2026 को राजधानी रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर से 30 सितंबर 2025 तक रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल नेशनल गेम्स (स्क्वैश अंडर-14 बालिका वर्ग) में दुगली विद्यालय की कुल पाँच छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर सभी का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था, जिनमें से चार छात्राएँ अब दिल्ली में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 16 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दुगली की छात्राओं के इस चयन से पूरे नगरी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों ने विश्वास जताया है कि ये छात्राएँ राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Post a Comment

0 Comments