नगरी -सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने नगरी में आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में स्वीकृत अधिकांश विकास कार्य उनके सतत प्रयास, अनुशंसा और विधानसभा में उठाए गए मुद्दों के परिणामस्वरूप संभव हो पाए हैं।
विधायक मरकाम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे, जिन्हें शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि क्षेत्र के 18 शासकीय स्कूलों में नए भवन निर्माण की मंजूरी भी उनके द्वारा विधानसभा में मुद्दा उठाने के बाद ही मिल सकी है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कुछ माध्यमों द्वारा भ्रामक जानकारी प्रसारित किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वास्तविक तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर अन्य व्यक्तियों को श्रेय देने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने मीडिया से सत्य और तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला सचिव भारत निर्मलकर, जिला उपाध्यक्ष भनेंद्र ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष अनवर राजा एवं जीवन नाहटा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
0 Comments