जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 की मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु कांग्रेस नेता की कलेक्टर और एसडीएम से सार्थक पहल


बिलासपुर :- बिलासपुर के लोकप्रिय कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक,उत्तर प्रदेश एवं गुजरात के प्रभारी तथा जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने क्षेत्र की जनता के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर कलेक्टर और एसडीएम से सौजन्य भेंट की।

इस दौरान उन्होंने मस्तूरी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत धूमी सहित क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। श्रीवास के साथ ग्राम पंचायत धूमी के ग्रामीण भी मौजूद रहे,जिन्होंने अपनी-अपनी समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। मुख्य रूप से जिन मुद्दों को उठाया गया,उनमें पेयजल की कमी, सड़कों की जर्जर स्थिति,नालियों की सफाई,बिजली आपूर्ति में रुकावट,ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव और किसानों के सिंचाई साधनों की समस्या प्रमुख रही।

त्रिलोक श्रीवास ने अधिकारियों से आग्रह किया कि जनता की इन समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और कांग्रेस पार्टी सदैव जनता की आवाज बनकर उनके साथ खड़ी रहेगी।

कलेक्टर एवं एसडीएम ने त्रिलोक श्रीवास और ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और शीघ्र ही इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का तुरंत निराकरण संभव है,उन पर तत्काल कार्यवाही की जाए और शेष समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।

इस अवसर पर त्रिलोक चंद्र श्रीवास के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से अरविंद शर्मा,पंडित जितेंद्र शर्मा(जीतू),राहुल गोरख,अवधेश गोयल,चंद्र प्रकाश केसरवानी,शुभम श्रीवास,दादूराम शिकारी, मोहसिन खान,मोहन जायसवाल,मुकेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जागरूक नागरिक शामिल थे।

ग्रामीणों ने त्रिलोक श्रीवास का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा आम जनता की समस्याओं को लेकर आगे आते हैं और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाते हैं। इस मुलाकात से ग्रामीणों में आशा की नई किरण जगी है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का अब समाधान होगा।श्रीवास ने कहा कि वे आगे भी क्षेत्र की जनता के साथ रहेंगे और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी और जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाएगा।

इस सार्थक पहल से क्षेत्र के लोगों में उत्साह और विश्वास का माहौल बना है तथा उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही ग्राम पंचायत धूमी और जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 के अन्य ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं के सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url