छत्तीसगढ़ स्टेट पेंचाक सिलाट चैंपियनशिप में 14 जिलों के खिलाड़ियों का जोरदार प्रदर्शन


त्रिवेणी भवन बिलासपुर में संपन्न हुआ भव्य आयोजन प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा व फिटनेस का दिया संदेश

बिलासपुर :-बिलासपुर जिला सिलाट एसोसिएशन द्वारा आयोजित द्वितीय छत्तीसगढ़ स्टेट पेंचाक सिलाट मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप 2025 का भव्य आयोजन 3 अगस्त को नगर के त्रिवेणी भवन में किया गया। यह आयोजन न सिर्फ खेल भावना को बढ़ावा देने वाला रहा, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर एक प्रेरक संदेश भी लेकर आया। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 14 जिलों से आए हुए लगभग 250 खिलाड़ी,50 कोच,टीम मैनेजर और निर्णायक मंडल के सदस्य शामिल हुए। प्रतियोगिता का उद्घाटन गरिमामय वातावरण में हुआ, जिसमें अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद एवं योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह उपस्थित रहे,जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पेंचाक सिलाट जैसे पारंपरिक मार्शल आर्ट न केवल आत्मरक्षा की विधा हैं,बल्कि यह युवाओं को अनुशासित,आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाते हैं। उन्होंने आयोजकों और प्रशिक्षकों की मेहनत की भी सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.पलक जायसवाल ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएसपी श्रीमती कविता धुर्वे,छत्तीसगढ़ सॉफ्टबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील मिश्रा,फ्यूचर साइन स्कूल के प्राचार्य मोहम्मद इमरान खान,प्रदेश अध्यक्ष मनीष बाग और महासचिव शेख समीर मंच पर उपस्थित रहे।


आयोजन अध्यक्ष यू.मुरली राव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आत्मरक्षा की तकनीकों में दक्ष बनाना, शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा पेंचाक सिलाट जैसे प्राचीन और गौरवशाली मार्शल आर्ट को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मबल, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक समन्वय को भी विकसित करती हैं।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार और तकनीकी कौशल से भरपूर प्रदर्शन किया। बालक एवं बालिका वर्ग में अलग-अलग भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ,जिसमें विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि व अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मंच से अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश अध्यक्ष मनीष बाग, महासचिव शेख समीर,जिला प्रमुख शेख अरबाज अली, समाजसेवी बबलू केसरवानी,खुशबू पाण्डेय,अलवेणी राव, आशीष अहिरवार सहित बिलासपुर जिला सिलाट एसोसिएशन की पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत कर उत्कृष्ट आयोजन सुनिश्चित किया।


इस चैंपियनशिप ने प्रदेश के युवाओं को न सिर्फ खेल के प्रति जागरूक किया,बल्कि आत्मरक्षा व स्वास्थ्य के प्रति भी प्रेरित किया। आयोजकों ने आश्वस्त किया कि आने वाले वर्षों में भी इस प्रकार की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन और भी व्यापक स्तर पर किया जाएगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url