श्रावण उत्सव की भक्ति,परंपरा और हरियाली में सराबोर हुआ विधानसभा मंडल
शिव-पार्वती पूजन से लेकर सांस्कृतिक उल्लास तक महिलाओं की भव्य भागीदारी
बिलासपुर/कोटा :- पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कोटा विधानसभा के मंडल स्तरीय सावन उत्सव का भव्य आयोजन कोटा रेस्ट हाउस में किया गया।यह आयोजन महिलाओं के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम में सैकड़ों माताएं और बहनें पारंपरिक परिधान में सजधज कर उमड़ीं और पूरे वातावरण को भक्ति,हरियाली और सौहार्द से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना,स्तुति और आरती से किया गया। “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों और भजन संकीर्तन ने सभा को भावविभोर कर दिया। यह आयोजन श्रावण मास की आस्था,तीज की परंपरा और सावन की सांस्कृतिक पहचान का सम्मिलन साबित हुआ।
कार्यक्रम की एक विशेष बात यह रही कि सभी महिलाओं को सावन थीम पर आधारित ड्रेस कोड में आमंत्रित किया गया था। हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाएं न सिर्फ हरियाली का प्रतीक बनीं, बल्कि उनकी शालीनता,गरिमा और सौम्यता ने आयोजन को एक विशिष्ट सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। आयोजन स्थल पर महिलाओं के मेहंदी,चूड़ी,सिंगार और पारंपरिक गीतों की गूंज ने तीज महोत्सव की जीवंत अनुभूति कराई।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रही जनपद अध्यक्ष सूरज भारद्वाज,भारतीय जनता पार्टी की जिला महामंत्री श्रीमती गायत्री साहू,नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज साहू,तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं सविता नामदेव,मीना यादव,संगीता अग्रहरि,लीना सिंह,शकुंतला सोनी,पार्षद पार्वती साहू एवं बहुरा यादव।
सभी ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की भूमिका को श्रावण जैसे आयोजनों में महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता का माध्यम बताया। वक्ताओं ने महिलाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए इसे परंपरा और प्रगति का संगम कहा। कार्यक्रम में अनेक सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं जिसमें सावन गीत,लोक नृत्य, झूला सजावट,सिंगिंग प्रतियोगिता आदि ने समां बांध दिया महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में झूमकर सावन के गीतों पर प्रस्तुति दी,जिससे पूरे वातावरण में उमंग और उल्लास फैल गया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन था,बल्कि महिलाओं की रचनात्मक शक्ति,संगठन क्षमता और सांस्कृतिक नेतृत्व का भी प्रमाण बनकर सामने आया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के पीछे समस्त मंडल टीम,महिला मोर्चा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। आयोजन के समापन पर सभी अतिथियों का सम्मान कर धन्यवाद ज्ञापन किया गया और उपस्थित महिलाओं के बीच प्रसाद एवं उपहार वितरण कर समारोह को सादर पूर्णता दी गई।




