हरियाली,उल्लास और परंपरा के संग सावन उत्सव दीदियों ने बैमा-नगोई में रचाई सांस्कृतिक छटा
बिलासपुर/बैमा-नगोई :- सावन मास की पावन समाप्ति पर ग्राम पंचायत बैमा-नगोई डोम में नारी शक्ति समूह की दीदियों द्वारा सावन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक पर्व था,बल्कि महिलाओं के आत्मबल,एकता,परंपरा और समाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण भी बना। सावन के अंतिम सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा एवं स्तुति के साथ हुई। भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में सभी दीदियाँ हरियाली प्रतीक हरे रंग के पारंपरिक परिधान में सजकर पहुंचीं,जिससे पूरे परिसर में मानो सावन की छटा बिखर गई हो। यह आयोजन प्रकृति,प्रेम,पारिवारिक समरसता और स्त्री गरिमा का प्रतीक बन गया।
लोक संस्कृति और सौंदर्य की अभिव्यक्ति
इस अवसर पर मेंहदी रचाओ प्रतियोगिता,सावन गीत-संगीत, पारंपरिक नृत्य,सावन झूला झूलना,पारंपरिक खेल आदि गतिविधियाँ आयोजित की गईं,जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में सावन थीम पर आधारित सजावट,उत्सव की गरिमा को और भी भव्य बना रही थी। महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में मेंहदी रचाई और सावन के गीतों पर झूम उठीं। रागनी पांडे दीदी द्वारा सभी महिलाओं को मेंहदी,बिंदी और चूड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया,जिससे बहनों के बीच सौहार्द और आत्मीयता की भावना और भी प्रगाढ़ हुई।
सामूहिक भागीदारी बनी आयोजन की विशेषता
इस आयोजन में बड़ी संख्या में नारी शक्ति की दीदियाँ शामिल हुईं,जिनमें मुख्य रूप से रागनी पांडे,सुहाना सोनी,अमृता खरे, काजल सूर्यवंशी,सविता,प्रसूति सूर्यवंशी,सुनीता खरे,पिंकी सोनी, काजल बर्मन,अनीता,कौशल्या सोनी,उषा,राजकुमारी,सरस्वती, कला,आरती,सरिता,सोनिया और सलीम दीदी की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने कार्यक्रम की जिम्मेदारियों को मिलकर निभाया और पूरे आयोजन को सामूहिक प्रयासों से सफल बनाया।
महिलाओं के सामाजिक सशक्तिकरण की मिसाल
यह आयोजन केवल मनोरंजन या सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा,बल्कि यह महिलाओं की सहभागिता,नेतृत्व क्षमता,आपसी समर्पण और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी समाज को देता है। नारी शक्ति की यह पहल ग्राम पंचायत स्तर पर सामाजिक विकास और परंपरा संरक्षण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बड़े स्तर पर करने के संकल्प के साथ किया गया।



