एकता कॉलोनी में बालक मंडली धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी,मटकी फोड़ बच्चों ने दिखाया उत्साह
बिलासपुर :- भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व पूरे देश में उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मंदिरों में भगवान की झांकियां सजाई गईं,भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ और भक्तों ने श्रद्धा भाव से उपवास रखकर मध्यरात्रि में नंदलाल का जन्मोत्सव मनाया। इसी कड़ी में शहर के अशोक नगर एकता कॉलोनी में भी बालक मंडली ने इस वर्ष बड़े धूमधाम के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया।
मोहल्ले के बच्चों और युवाओं के उत्साह व मोहल्लेवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। शाम को सुंदर साज-सज्जा और आकर्षक झांकियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई। इसके पश्चात मोहल्ले के सभी लोगों की उपस्थिति में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ,जिसमें बच्चों ने अपने कौशल और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तन्मय रजक ने हासिल कर 101 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर मोनिका पाटनवार रहीं, जिन्हें 51 रुपये प्रदान किए गए, जबकि तृतीय स्थान कान्हा कश्यप को मिला और उन्हें 21 रुपये का पुरस्कार दिया गया। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशियां साफ झलक रही थीं।
कार्यक्रम की सफलता पर बालक मंडली के अध्यक्ष ओम यादव ने कहा कि यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष संपन्न हुआ है और इसका श्रेय पूरे मोहल्ले की एकजुटता और सहयोग को जाता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता को बढ़ावा देते हैं। आगे भी बालक मंडली द्वारा ऐसे प्रेरणादायी आयोजन किए जाते रहेंगे।
उन्होंने इस अवसर पर सभी मोहल्लेवासियों और उपस्थित लोगों को जन्माष्टमी की बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष ओम यादव,महासचिव कान्हा कश्यप,सचिव अंश यादव,सदस्य तन्मय रजक,प्रतीक रजक,तमन्ना रजक,अर्जुन यादव,जय मानिकपुरी,अंकुर मिश्रा,सुधा पटेल और अमन यादव सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
जन्माष्टमी महोत्सव में भक्ति और उल्लास का ऐसा नजारा देखने को मिला,जिसने पूरे क्षेत्र का वातावरण कृष्णमय कर दिया।


