माता रानी के भव्य आगमन पर निकली विशाल शोभायात्रा,भक्तिरस में डूबा पूरा शहर


आदर्श दुर्गोत्सव समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष का नवरात्र महोत्सव हुआ प्रारंभ

बिलासपुर :- सुभाष नगर गोड़पारा स्थित आदर्श दुर्गोत्सव समिति इस वर्ष अपनी गौरवशाली यात्रा का 50वां स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ प्रथम दिन माता रानी के आगमन की भव्य शोभायात्रा से हुआ। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का जनसैलाब इतना विशाल था कि पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

सांस्कृतिक धरोहर का मिला अद्भुत संगम इस शोभायात्रा में परंपरा और संस्कृति का अद्वितीय संगम देखने को मिला।डमरू बाजा,उड़ीसा बाजा,आदिवासी नृत्य,अखाड़ा,पंथी,करमा,ढोल-ताशा,धूमाल,राउत बाजा,महाकाल झांकी और प्रेम मंदिर की झलकियां देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। जगह-जगह भक्तों ने माता रानी की आरती,पुष्पवर्षा और जयकारों से शोभायात्रा का स्वागत किया।

जसगीत ने बांधा समा जब शोभायात्रा रिवर व्यू रोड पहुंची और सुप्रसिद्ध कलाकार दुकालू यादव का जसगीत प्रारंभ हुआ तो श्रद्धालु भक्ति रस में झूम उठे पूरा वातावरण "जय माता दी" के उद्घोष से गूंजायमान हो गया। महिलाएं,पुरुष,बच्चे और बुजुर्ग – सभी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

समिति ने व्यक्त किया आभार इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में समिति के प्रत्येक सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति ने सभी श्रद्धालुओं का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद के बिना यह संभव नहीं था। साथ ही समिति ने प्रिंट मीडिया,इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया के सहयोग के लिए भी विशेष धन्यवाद प्रकट किया,जिन्होंने इतने बड़े आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से प्रचारित और प्रसारित किया।

आगे भी मिलेगा सहयोग – समिति का विश्वास आदर्श दुर्गोत्सव समिति ने कहा कि जिस तरह प्रथम दिन माता रानी के भव्य आगमन पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए, उसी प्रकार आने वाले दस दिनों तक चलने वाले नवरात्र महोत्सव में भी जन-जन का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहेगा। समिति ने यह भी विश्वास जताया कि इस स्वर्ण जयंती वर्ष का आयोजन बिलासपुर शहर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए यादगार बनकर रहेगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url