रोशनी और उत्सव के साथ जीएसटी 2.0 का स्वागत,भाजपा की परंपरा : अमर अग्रवाल


जीएसटी 2.0 : जीवन में सरलता,व्यापार में सहजता : अमर अग्रवाल

बिलासपुर :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 3 सितम्बर 2025 को हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक को ऐतिहासिक कर सुधार बताते हुए पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने 22 सितम्बर को होटल ग्रांड अम्बा,बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि यह कदम आम जनता,किसानों और व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

जीएसटी संरचना हुई सरल,आम जनता और किसानों को लाभ अग्रवाल ने बताया कि अब जीएसटी की पुरानी चार दरों की जगह केवल दो दरें लागू की गई हैं – 5% और 18%। वहीं लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40% कर रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से रोजमर्रा की वस्तुएँ जैसे दूध,पनीर,साबुन,शैम्पू,टूथपेस्ट और बच्चों की सामग्री सस्ती होंगी। किसानों को भी फायदा होगा। ट्रैक्टर,टायर,कीटनाशक,और सिंचाई उपकरण पर कम कर का लाभ सीधे उनके व्यवसाय और उत्पादन लागत में दिखाई देगा। अग्रवाल ने कहा कि इससे किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को मिली राहत स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी राहत दी गई है। जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी समाप्त कर दी गई है। दवाइयों,ऑक्सीजन और जांच किट पर कर घटने से मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा।शिक्षा क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव किया गया है। छात्र सामग्री जैसे कॉपियाँ,पेंसिल और अन्य शैक्षिक उपकरणों को पूरी तरह करमुक्त कर दिया गया है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई सुगम और परिवारों पर आर्थिक दबाव कम होगा।

व्यापारियों और उद्यमियों के लिए बड़े सुधार अमर अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के लिए जीएसटी 2.0 कई नए अवसर और सहूलियत लेकर आया है। अब उन्हें केवल एक सरल रिटर्न दाखिल करना होगा। रिफंड प्रक्रिया तेज और अधिकतर ऑटोमेट होगी। छोटे व्यापारियों के लिए मोबाइल-फ्रेंडली प्लेटफॉर्म उपलब्ध होगा।उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक जैसे एआई और डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल कर चोरी और फर्जी बिलिंग पर नियंत्रण आसान होगा। इससे छोटे और मझोले व्यापारियों को सुरक्षा और विश्वास मिलेगा।

छत्तीसगढ़ को होगा सीधा फायदा छत्तीसगढ़ राज्य में खनिज और उद्योग क्षेत्रों में अनुपालन आसान होगा। छोटे और मझोले व्यापारियों को राहत मिलेगी। कर चोरी पर नियंत्रण से राज्य को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। इससे नए उद्योग,निवेश और रोजगार की संभावनाएँ मजबूत होंगी।अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी 2.0 से राज्य में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय उद्योगों को विस्तार का अवसर मिलेगा। यह सुधार राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कदम है।सा

उत्सव और दीप जलाकर मनाया गया शुभारंभ अमर अग्रवाल ने जीएसटी 2.0 के शुभारंभ को एक अनोखे अंदाज में केक काटकर और दीप जलाकर उत्सव के रूप में मनाया। उन्होंने कहा "भाजपा हमेशा जोड़ने और रोशनी देने का काम करती है, कभी अंधेरा फैलाने का नहीं। यह उत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच का प्रतीक है,जिनका लक्ष्य देश और जनता के लिए सरलता,विकास और प्रगति लाना है।"

प्रेसवार्ता में प्रमुख उपस्थितियां इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू,भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह,महापौर पूजा विधानी,भाजपा जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि सहित पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url