सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने भाजपा की तैयारी बैठक,25 सितम्बर को होगा आत्मनिर्भर भारत पर संगोष्ठी
बिलासपुर :- भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन पूरे देश में किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर शहर संगठन स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा एवं जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्रेडा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सवन्नी ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन ही नहीं बल्कि सेवा और संस्कार का भी प्रतीक है प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस से गांधी जयंती तक चलने वाला यह पखवाड़ा समाज सेवा,स्वच्छता,जनजागरण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे तन-मन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और आम जनता तक सेवा और समर्पण का संदेश पहुँचाएं।
उन्होंने बताया कि 25 सितम्बर को पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शहर के सभी मंडलों और बूथों में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके लिए अलग-अलग मंडलों में प्रभारी नियुक्त करने की जिम्मेदारी दी गई। साथ ही,25 सितम्बर को ही दोपहर 2 बजे “आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम बिलासपुर में किया जाएगा। इसमें जिले के समस्त भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सवन्नी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए। इस संगोष्ठी के माध्यम से युवाओं और कार्यकर्ताओं को पं.दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के सिद्धांत तथा प्रधानमंत्री मोदी की विकसित भारत की परिकल्पना से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह,जिला महामंत्री सोमेश तिवारी,प्रदीप कौशिक,गुलशन ऋषि,पुनीता डहरिया,पेंगन वर्मा,अश्वनी शर्मा,अजीत सिंह भोगल,देवेन्द्र कौशिक,रानू सिदार, सुक्रीता लहरे,रितेश अग्रवाल,चंदना गोस्वामी,लक्ष्मीनारायण कश्यप,शैलेन्द्र यादव,देवेन्द्र पाठक,राकेश लालवानी,मनोज सोनी,एस.श्रीनिवास राव,उमाशंकर कश्यप,लव श्रीवास,इन्द्रजीत क्षत्री,रवि मेहर,विनोद यादव,रामकुमार निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण शिविर,स्वच्छता अभियान,वृक्षारोपण,रक्तदान शिविर, निःशुल्क दवाई वितरण,महिला व युवा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि सेवा पखवाड़ा को समाज की भागीदारी के साथ एक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

