स्व.शर्मा की पुण्यतिथि पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय,आम जनमानस को मिलेगा निःशुल्क चिकित्सा लाभ
रायपुर :- वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को प्रांतीय कार्यालय,प्रोफेसर कॉलोनी,रायपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा एवं महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने की। बैठक में संगठन के प्रांतीय,संभागीय और महिला प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के संस्थापक एवं पूर्व चेयरमैन स्व. मांगे राम शर्मा की पुण्यतिथि पर जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन पर विचार-विमर्श करना था। चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि स्व.शर्मा जी की प्रेरणादायी स्मृति में “निशुल्क परामर्श एवं चिकित्सा शिविर” का आयोजन किया जाएगा,जिससे आम नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिले।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहला शिविर 6 अक्टूबर 2025 (सोमवार)को एस.के.केयर हॉस्पिटल,पचपेड़ी नाका,रायपुर में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं दूसरा शिविर 12 अक्टूबर 2025(रविवार)को छत्रपति शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय,प्रोफेसर कॉलोनी,रायपुर में प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक संपन्न होगा। इन दोनों शिविरों में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा ब्लड प्रेशर,शुगर,हिमोग्लोबिन,फैटी लिवर,वजन,आंखों की जांच,सामान्य स्वास्थ्य परामर्श सहित कई स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। चिकित्सा परीक्षण और परामर्श का पूरा दायित्व एस.के.केयर हॉस्पिटल,रायपुर द्वारा उठाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महासचिव डॉ.सुनील ओझा,प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री एवं त्रिभुवन तिवारी,संभागीय अध्यक्ष नितिन झा,महिला महासचिव सुमन मिश्रा,उपाध्यक्ष बबीता मिश्रा,प्रदेश सचिव द्वय वीणा मिश्रा एवं रामब्रत तिवारी,सांस्कृतिक प्रभारी प्रीति मिश्रा, मीडिया प्रभारी सुमन पांडेय,तथा संभागीय सह सचिव उमेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्व.मांगे राम शर्मा का जीवन समाजसेवा,संगठन विस्तार और ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनकी पुण्यतिथि को केवल स्मरण तक सीमित न रखकर समाजहित में ठोस कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा सेवा और संस्कृति के पथ पर अग्रसर रहा है, और यह शिविर उसी परंपरा का विस्तार है। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों को जागरूक करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है,इसलिए ऐसे शिविर आगे भी निरंतर लगाए जाएंगे।
बैठक का संचालन नमिता शर्मा ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन रज्जन अग्निहोत्री ने प्रस्तुत किया। बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्व.मांगे राम शर्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। "समाज सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि स्व.मांगे राम शर्मा की स्मृति में दो निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन 6 व 12 अक्टूबर को"

