प्रदेश अध्यक्ष के जन्मदिवस पर सर्राफा एसोसिएशन ने किया “ग्राहक जागरूकता अभियान” का शुभारंभ


भ्रामक ऑफरों से सतर्क रहने की अपील हॉलमार्क और विश्वास ही असली पहचान : कमल सोनी

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को बिलासपुर में शुभचिंतकों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही शहर सहित प्रदेशभर से व्यापारी,सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उनके कार्यालय पहुँचकर बधाई देने पहुंचे। पूरे दिन प्रदेशभर के सर्राफा संगठनों और व्यापारियों की ओर से बधाई संदेश और शुभकामनाओं का क्रम चलता रहा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन की ओर से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सर्राफा व्यापारी,महिला व्यापारी संगठन,युवा सर्राफा संघ के सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे। मंच पर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी का स्वागत पुष्पमालाओं,अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

कार्यक्रम में गूंजे शुभकामनाओं के स्वर समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कमल सोनी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और निष्पक्ष कार्यशैली से प्रदेश के सर्राफा व्यापार को नई दिशा दी है। उनके मार्गदर्शन में सर्राफा व्यापारियों के हित में अनेक रचनात्मक कार्य हुए हैं। उन्होंने व्यापारिक संगठन को सशक्त और संगठित करने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों को भी प्राथमिकता दी है। प्रदेशभर से आए व्यापारियों ने कहा कि सोनी के नेतृत्व में सर्राफा व्यवसाय में पारदर्शिता,विश्वास और ग्राहक संतुष्टि का नया अध्याय जुड़ा है। उनके जन्मदिन को पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापारी ‘ग्राहक सम्मान दिवस’ के रूप में मना रहे हैं।

कमल सोनी ने किया ग्राहकों से संवाद — कहा,“विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है” समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा “सोना खुद एक ब्रांड है,किसी और नाम का मोहताज नहीं। आज के समय में कुछ बड़ी कंपनियाँ झूठे ऑफरों और विज्ञापनों के माध्यम से उपभोक्ताओं को भ्रमित कर रही हैं। ऐसे प्रलोभनों से बचना ही सबसे बड़ी समझदारी है।”उन्होंने कहा कि “ऑफर जूता-चप्पल या कपड़ों की बिक्री में हो सकता है,लेकिन सोने-चाँदी में नहीं।” इन झूठे ऑफरों का असली उद्देश्य ग्राहकों को आकर्षित कर उनके विश्वास का दोहन करना है उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे सोना-चाँदी खरीदते समय हॉलमार्क, BIS प्रमाणपत्र और होलोग्राम की जाँच अवश्य करें। सोनी ने बताया कि त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन ने पूरे प्रदेश में “ग्राहक जागरूकता अभियान” प्रारंभ किया है। इस अभियान का उद्देश्य ग्राहकों को भ्रामक विज्ञापनों,झूठे ऑफरों और नकली ब्रांडों से सावधान करना है,ताकि वे सुरक्षित और विश्वसनीय खरीदारी कर सकें “हमारा उद्देश्य व्यापार नहीं, विश्वास है। ग्राहक जागरूकता ही सोने के व्यापार की सच्ची चमक है,” उन्होंने कहा।

त्योहारी सीजन में बढ़ेगा जागरूकता अभियान का दायरा अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि आगामी धनतेरस, दीपावली और विवाह सीजन को ध्यान में रखते हुए यह अभियान पूरे छत्तीसगढ़ में चलाया जाएगा। हर जिले में संगोष्ठी,पोस्टर,सोशल मीडिया कैंपेन और स्थानीय कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ताओं को शिक्षित किया जाएगा कि वे सोने-चाँदी की खरीदारी के दौरान केवल विश्वसनीय दुकानों से ही लेनदेन करें। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश का सबसे ईमानदार,पारदर्शी और विश्वसनीय सर्राफा बाजार बने। इसके लिए संगठन हर व्यापारी को प्रशिक्षण,प्रमाणन और ग्राहक सेवा की दिशा में मार्गदर्शन देगा।

व्यापारियों ने दी शुभकामनाएँ कहा,सोनी के नेतृत्व में मिली नई पहचान कार्यक्रम में उपस्थित सर्राफा व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि कमल सोनी के नेतृत्व में संगठन ने नई ऊँचाइयाँ छुई हैं। व्यापारिक समस्याओं के समाधान से लेकर सरकारी नीतियों पर संवाद तक,उन्होंने हमेशा सभी जिलों के व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाया है। प्रदेश महासचिव,कोषाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने भी कहा कि सोनी की पहल से अब सर्राफा व्यापारियों में एकजुटता और पारदर्शिता का माहौल बना है।

अंत में हुआ केक कटिंग और सामाजिक संदेशों के साथ समापन कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी का जन्मदिन मनाया। केक कटिंग के बाद उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से “एक ग्राहक – एक पेड़” अभियान में जुड़ने की अपील की। समारोह में सर्राफा व्यापारियों ने संकल्प लिया कि वे आने वाले दिनों में ग्राहक हितों की रक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। त्योहारी माहौल के बीच छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन का यह अभियान प्रदेशभर में विश्वास, पारदर्शिता और उपभोक्ता सुरक्षा की दिशा में एक प्रेरक मिसाल बनता जा रहा है।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url