सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम प्रतिनिधि मंडल ने विधायक से की सौजन्य भेंट,शहर के विकास पर हुई सार्थक चर्चा


बिलासपुर :- फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स छत्तीसगढ़ जिला समिति,बिलासपुर का प्रतिनिधि मंडल बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय एवं ऊर्जावान विधायक सुशांत शुक्ला से उनके निवास पर मिला। प्रतिनिधि मंडल में इं.राजीव नयन शर्मा,आर. पी. शुक्ला,राजेश कुमार मित्तल,उमाकांत मिश्रा तथा राजेन्द्र कुमार सक्सेना शामिल थे।

मुलाकात की शुरुआत में प्रतिनिधियों ने विधायक शुक्ला को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। इसके पश्चात् फोरम द्वारा संचालित सामाजिक कार्यक्रम शव वाहन एवं डीप फ्रीजर की व्यवस्था संबंधी पहल पर विधायक से चर्चा की गई और सहयोग का आग्रह रखा गया।

विधायक शुक्ला ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सेवा-भाव से किए जा रहे ऐसे कार्य न केवल जरूरतमंदों को सहायता पहुँचाते हैं,बल्कि सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदनाओं को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने इस पहल में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर विधायक ने बिलासपुर शहर के विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था,यातायात प्रबंधन में सुधार,व्यवस्थित एवं योजनाबद्ध कॉलोनियों के निर्माण,शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ अरपा नदी विकास परियोजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में तकनीकी अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अभियंताओं का मार्गदर्शन और सहयोग अत्यंत उपयोगी रहेगा।

फोरम के प्रतिनिधि मंडल ने विधायक की बातों का स्वागत करते हुए कहा कि वे अपने अनुभव और ज्ञान से शहर के विकास कार्यों में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने विधायक महोदय का समय देने और सहयोग का आश्वासन देने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधि मंडल का यह मानना है कि विधायक सुशांत शुक्ला जैसे युवा और कर्मठ जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में बिलासपुर का भविष्य और भी उज्ज्वल होगा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url