एसईसीएल मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती पर नमन


स्वच्छता शपथ के साथ ‘स्वच्छ भारत उत्सव’ और विशेष अभियान 5.0 का हुआ शुभारंभ

बिलासपुर :- नेहरू शताब्दी नगर स्थित एसईसीएल मुख्यालय परिसर के गांधी उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रम संघ प्रतिनिधियों ने पूज्य बापू के सत्य,अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए गांधी जी के आदर्शों को याद किया। उनके साथ निदेशक (एचआर)बिरंची दास,निदेशक तकनीकी(योजना एवं परियोजना) आर.सी.महापात्रा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बापू को नमन किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष,अधिकारी-कर्मचारी और श्रमिक संगठन प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

स्वच्छता शपथ दिलाई गई गांधी जयंती पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सीएमडी हरीश दुहन ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं,बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने घर,कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले,तो समाज और देश दोनों स्वस्थ और समृद्ध बनेंगे।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का सफल आयोजन विदित हो कि कोयला मंत्रालय,भारत सरकार के निर्देश पर एसईसीएल द्वारा 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों,कार्यालय परिसरों,कॉलोनियों और नदियों की सफाई के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही मुख्यालय और संचालन क्षेत्रों में सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हुआ।

स्पेशल कैंपेन 5.0 की शुरुआत गांधी जयंती पर ली गई स्वच्छता शपथ के साथ ही एसईसीएल में स्पेशल कैंपेन 5.0 की औपचारिक शुरुआत हुई है। यह अभियान 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में न केवल स्वच्छता, बल्कि पारदर्शिता,बेहतर कार्यप्रणाली और लोकहित से जुड़े विषयों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गांधी जी के आदर्श आज भी प्रासंगिक इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सच्चाई,अहिंसा और स्वच्छता ही समाज को नई दिशा दे सकते हैं। एसईसीएल परिवार ने गांधी जयंती को न केवल श्रद्धांजलि के रूप में मनाया,बल्कि इसे समाज में जागरूकता फैलाने और सफाई की आदतों को प्रोत्साहित करने के अवसर के रूप में भी देखा।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url