राज्य स्तरीय स्कूल गेम में कन्या शिक्षा परिसर दुगली की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन किए..
नगरी - नेशनल स्कूल गेम 2025–26 के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल गेम 2025–26 (एथलेटिक्स) का आयोजन जगदलपुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर दुगली, धमतरी की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
एथलेटिक्स अंडर-19 बालिका वर्ग में सविता (पिता–पुसऊ राम) ने 100 मीटर, 800 मीटर दौड़ एवं 4×100 मीटर रिले में भाग लिया। रिले स्पर्धा में सविता ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अर्जित कर धमतरी जिले को गौरवान्वित किया।
इसी प्रकार राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 2025–26 में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर दुगली की कु. नीली सोम (कक्षा 12वीं, पिता–मनक राम) एवं रीतू (कक्षा 11वीं) ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया।
वहीं स्क्वैश अंडर-14 बालिका वर्ग में प्रतिभागी कु. कामिनी, कु. मंजू, कु. भित्तेश्वरी, कु. भूमिका एवं कु. कुमुदनी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
इस प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या परिसर दुगली की कुल 8 छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें से 5 छात्राओं का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर विधायक प्रतिनिधि शत्रुधन साक्षी, अधीक्षिका राजकुमारी मंडावी एवं हरक मंडावी ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
साथ ही विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका गोपिका बारिक, जिनका चयन ऑल इंडिया सिविल सर्विस स्पोर्ट्स मीट 2025–26 के तहत 400 मीटर दौड़ में छत्तीसगढ़ से हुआ था और जिन्होंने 13 से 15 दिसंबर 2025 तक पटना (बिहार) में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लिया, उनका भी छात्राओं के साथ सम्मान किया गया।
विद्यालय परिवार ने छात्राओं की इस सफलता को अनुशासन, परिश्रम एवं बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
