दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई समीक्षा,जन औषधि केंद्र व जल संरक्षण पर विशेष जोर
रायपुर :- कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में दिशा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं,जल जीवन मिशन,जल संरक्षण,सड़कों के विकास तथा विभिन्न आवासीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
सांसद अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएं,ताकि आम नागरिकों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध हो सकें। साथ ही उन्होंने जल संकट को देखते हुए तालाबों,नालों एवं अन्य जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई।
बैठक में कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह ने जल जीवन मिशन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनके प्रभावी समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है,जिससे आमजन तक स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा,क्षेत्र के विधायकगण,अन्य जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।


