प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पर प्रशासन का कड़ा प्रहार,165 नग जब्त


रायपुर :- कलेक्टर डॉ.गौरव सिंह के सख्त निर्देशों के तहत नगर निगम क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के विरुद्ध व्यापक और सघन कार्रवाई की गई। आमजन,पक्षियों एवं विद्युत तारों के लिए अत्यंत खतरनाक माने जाने वाले चाइनीज मांझा की बिक्री एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद शिकायतें मिलने पर प्रशासन ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

इस दौरान बूढ़ापारा स्थित मोती पतंग भंडार तथा सत्ती बाजार स्थित संजय पतंग भंडार में जांच की गई,जहां से कुल 165 नग प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। जब्त किए गए मांझे को नियमानुसार कब्जे में लेकर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने के दौरान गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका रहती है,जिससे राहगीरों,वाहन चालकों,बच्चों एवं पक्षियों को जान का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण या विक्रय करते पाए गए,तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी,जिसमें जुर्माना एवं दुकान सील करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल पतंगबाजी के लिए केवल वैध सूती धागे का ही उपयोग करें तथा कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन या नगर निगम को सूचित करें।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url