लिंगियाडीह में बार-बार सर्वे और तोड़फोड़ से उबाल,जन चेतना भारत पार्टी ने निगम व कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
चार माह में तीन अलग-अलग परियोजनाओं के नाम पर कार्रवाई,गरीब परिवारों में भय व असुरक्षा का माहौल
बिलासपुर :- बेलतरा विधानसभा लिंगियाडीह क्षेत्र में लगातार की जा रही सर्वेक्षण और संभावित तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में जन चेतना भारत पार्टी, छत्तीसगढ़ द्वारा दिनांक 16 जनवरी 2026 को नगर निगम आयुक्त एवं जिला कलेक्टर बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि बीते चार महीनों के भीतर एक ही क्षेत्र में तीन अलग-अलग परियोजनाओं के नाम पर सर्वे कराकर लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है,जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार मानसिक तनाव में जीने को मजबूर हैं।
जन चेतना भारत पार्टी के अनुसार लिंगियाडीह स्थित वसंत विहार के सामने के क्षेत्र में पहले सड़क चौड़ीकरण,फिर नाले के ऊपर सड़क निर्माण और अब कॉम्प्लेक्स एवं गार्डन विकास का हवाला देकर बार-बार कार्रवाई की बात कही जा रही है। योजनाओं में इस तरह बार-बार बदलाव कर प्रशासन द्वारा लोगों को बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है,जिससे क्षेत्र की जनता में असमंजस और प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना गहराती जा रही है।
पार्टी ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि नगर निगम के इतिहास में संभवतः यह पहली बार है जब किसी एक ही क्षेत्र में इतने कम समय में तीन अलग-अलग परियोजनाओं का हवाला देकर सर्वे और तोड़फोड़ की तैयारी की गई हो। इसका सीधा असर गरीब परिवारों के सामाजिक,मानसिक और आर्थिक जीवन पर पड़ा है। लगभग चार माह पूर्व सड़क चौड़ीकरण के नाम पर 150 से अधिक मकानों और दुकानों को तोड़ा गया था,लेकिन आज तक उस सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी है। उस कार्रवाई से प्रभावित लोग अभी तक संभल भी नहीं पाए थे कि अब फिर से नई कार्रवाई की आशंका ने उन्हें भयभीत कर दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि निगम प्रशासन द्वारा दिए जा रहे “किसी के साथ अन्याय नहीं होगा” जैसे आश्वासनों पर अब उनका भरोसा टूट चुका है। लोगों का आरोप है कि पिछले 40 से 50 वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को ही बार-बार योजनाओं के नाम पर निशाना बनाया जा रहा है,जबकि वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्व्यवस्थापन की कोई ठोस योजना सामने नहीं लाई जा रही है।
इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जन चेतना भारत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जसबीर सिंह चावला ने कहा कि लिंगियाडीह की जनता को बार-बार डर और अनिश्चितता में रखना अमानवीय है। उन्होंने दुर्गा नगर वार्ड क्रमांक 52,लिंगियाडीह क्षेत्र के प्रभावित नागरिकों को पार्टी की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन से मांग की कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही प्रभावितों से सीधा संवाद स्थापित कर न्यायपूर्ण और मानवीय समाधान निकाला जाए।
पार्टी ने जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए,ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बार-बार परियोजनाओं में बदलाव क्यों किया जा रहा है और वास्तविक योजना क्या है। यदि बिना ठोस योजना और पुनर्वास के कार्रवाई की गई तो जन चेतना भारत पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी फिलहाल लिंगियाडीह क्षेत्र के नागरिक प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि शासन-प्रशासन उनकी पीड़ा को समझते हुए उन्हें राहत प्रदान करेगा,ताकि वर्षों से बसे परिवारों का आशियाना उजड़ने से बच सके।


