पंचायत में देशभक्ति के रंग में रंगा 77वां गणतंत्र दिवस,पूरे गांव में उमड़ा उत्साह
कोरबा/पाली :- जिला के पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनबांधा में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व अत्यंत हर्षोल्लास,गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। पूरे गांव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्राम पंचायत भवन,शासकीय विद्यालय,जन आरोग्य केंद्र तथा शासकीय पशु औषधालय सहित विभिन्न शासकीय एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को गरिमामयी सलामी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी,संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर,भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्रों पर विधिवत पूजा-अर्चना,श्रीफल एवं पुष्प अर्पण के साथ की गई। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और समर्पण को भावपूर्वक व्यक्त किया। ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सतकुंवर मरकाम द्वारा पंचायत भवन एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय में ध्वजारोहण किया गया,जबकि शासकीय पशु औषधालय में उपसरपंच अजय सिंह उईके तथा जन आरोग्य केंद्र(उप स्वास्थ्य केंद्र)में वरिष्ठ समाजसेवी एवं नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.ललित कुमार मानिकपुरी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया ध्वजारोहण के पश्चात समवेत स्वर में राष्ट्रगान गाया गया,जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा। गांव के बुजुर्गों,महिलाओं,युवाओं और बच्चों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमा और उल्लास के साथ मनाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य,कविता पाठ एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों के बलिदान और संविधान की महत्ता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हुई।
संविधान और कर्तव्यों पर दिया गया प्रेरणादायी संदेश इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.ललित कुमार मानिकपुरी तथा वरिष्ठ नागरिक भुवन सिंह मरकाम ने गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक एवं संवैधानिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार,स्वतंत्रता और न्याय प्रदान किया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे संविधान में निहित मूल कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए गांव,प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक,आर्थिक और बौद्धिक विकास की कुंजी है। उन्होंने ग्राम बनबांधा को प्रेम,भाईचारा,आपसी सद्भाव, शांति एवं सामाजिक समरसता के साथ एक आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनभागीदारी ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों,वरिष्ठ नागरिकों,स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों,मितानिन कार्यकर्ताओं,स्व-सहायता समूह की महिलाओं,युवा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सरपंच श्रीमती सतकुंवर मरकाम,उपसरपंच अजय सिंह,भुवन सिंह मरकाम,डॉ.ललित कुमार मानिकपुरी,संतराम मरकाम,मोहन लाल यदु,पंचायत प्रतिनिधिगण,कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्रीमती जानकी पटेल,चिकित्सा एवं मितानिन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,स्व-सहायता समूह की समस्याएं, पंचायत सचिव प्रदीप कश्यप,समिति प्रबंधक सुरेंद्र जगत,युवा कार्यकर्ता अज़हर अली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरण कर राष्ट्रीय पर्व को सौहार्द,एकता और भाईचारे के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। पूरे आयोजन ने गांव में देशभक्ति,सामाजिक एकता और राष्ट्रीय चेतना को और अधिक मजबूत किया।




